बारिश की बेरुखी से सूना पड़ा उमरिया खेड़ी इको पार्क

इंदौर: सिमरोल क्षेत्र के उमरिया खेड़ी स्थित इको पार्क में इस बार कम बारिश का असर साफ नजर आ रहा है. हरियाली घटने से पार्क में सन्नाटा छाया है और पर्यटकों की संख्या लगातार कम हो रही है, जबकि पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए वन विभाग द्वारा यहां विभिन्न सुविधाएं विकसित की गई हैं.इंदौर खंडवा रोड पर स्थित इस इको पार्क को वन विभाग ने इको टूरिज्म के रूप में विकसित किया है. यहां नेचर ट्रेल, जंगल ट्रैकिंग, व्यू प्वाइंट और कैंपिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, ताकि पर्यटक जंगल के बीच प्रकृति का अनुभव ले सकें.

पार्क में प्रवेश के लिए प्रति व्यक्ति शुल्क तय है, वहीं रात्रि विश्राम के लिए कैंपिंग की अलग व्यवस्था और शुल्क निर्धारित किया है, जिसमें टेंट, सुरक्षा और गाइड जैसी सुविधाएं शामिल रहती हैं. नव भारत की टीम द्वारा यहां किए गए अवलोकन में सामने आया कि पर्याप्त बारिश नहीं होने से जंगल क्षेत्र में हरियाली काफी कम है. पेड़ पौधों में नमी की कमी के कारण प्राकृतिक आकर्षण फीका पड़ गया है. सामान्य दिनों में जहां मानसून के दौरान पर्यटकों की भीड़ रहती है, वहीं इस समय पार्क में सन्नाटा देखने को मिल रहा है.

प्राकृतिक सौंदर्य कम होने से नहीं आ रहे पर्यटक
स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल बारिश के मौसम में यह क्षेत्र हरा भरा होकर पर्यटकों को आकर्षित करता है, लेकिन इस बार बारिश की कमी से स्थिति विपरीत है. उनका कहना है कि सभी सुविधाएं उपलब्ध होने के बावजूद प्राकृतिक सौंदर्य कम होने से लोग यहां आने से बच रहे हैं. वन विभाग के सामने अब चुनौती यह है कि सीमित संसाधनों में पार्क की हरियाली और आकर्षण को बनाए रखा जाए. आने वाले दिनों में अच्छी बारिश होने पर पार्क में फिर से रौनक लौटने की उम्मीद जताई जा रही है.

मौसम एवरग्रीन होते ही बदलेगी तस्वीर
बारिश कम होने से पार्क की हरियाली प्रभावित हुई है, जिससे रेवेन्यू पर भी असर पड़ा है। हालांकि इस बार अच्छी बारिश की उम्मीद है. मौसम एवरग्रीन होते ही पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी और रेवेन्यू में सुधार होगा.
– लाल सुधाकर सिंह, डीएफओ

Next Post

डॉ मुखर्जी का जीवन राष्ट्रभक्ति व वैचारिक दृढ़ता का उदाहरण

Wed Jun 24 , 2026
सीहोर। भाजपा कार्यालयमें महान राष्ट्रवादी चिंतक, प्रखर शिक्षाविद, जनसंघ के संस्थापक एवं भारतीय एकता और अखंडता के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा ने कहा कि डॉ. […]

You May Like