इंदौर: बाणगंगा थाना क्षेत्र में युवक की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने सुसाइड नोट के आधार पर तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है. युवक ने रविवार को जहरीला पदार्थ पी लिया था, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई.थाना प्रभारी सियाराम गुर्जर ने बताया कि नगीन नगर निवासी सोहन ओडवाल ने जहर खा लिया था. परिजन उसे इलाज के लिए अरबिंदो अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसकी मौत हो गई. जांच के दौरान डॉक्टरों को एक सुसाइड नोट मिला, जिसे पुलिस को सौंपा.
सुसाइड नोट में ईश्नर टोडरमल, दिनेश टोडरमल और गजानंद टोडरमल पर प्रताड़ना और धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं. युवक ने लिखा कि शादी के बाद लड़की पक्ष के लोग इस रिश्ते को नहीं मान रहे थे और लगातार उसे धमका रहे थे. नोट में यह भी उल्लेख है कि आरोपियों ने उसे झूठे केस में फंसाने, मोबाइल चेक करने, मारपीट करने और ड्रग्स रखकर फंसाने की धमकी दी. इन सब बातों से परेशान होकर उसने यह कदम उठाने की बात लिखी है. युवक ने अपने माता पिता के नाम भावुक संदेश भी लिखा, जिसमें खुद को असफल बताते हुए माफी मांगी और परिवार को हिम्मत रखने की बात कही. पुलिस ने सुसाइड नोट के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
