
छतरपुर। जिले के किशनगढ़ थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक सड़क हादसे में मजदूरी पर जा रहे आदिवासी परिवार के दर्जनों लोग घायल हो गए। यह दुर्घटना 12 फरवरी सुबह लगभग 9 बजे मलवारे के तिगड्डे के पास हुई, जहां यात्रियों से भरा पिकअप वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया।
जानकारी के अनुसार, टिपारी गांव निवासी आदिवासी परिवार के लोग पिकअप वाहन में बैठकर मजदूरी करने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान चालक का वाहन पर नियंत्रण बिगड़ गया और वाहन सड़क किनारे पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को बाहर निकालकर सहायता पहुंचाई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को पहले किशनगढ़ अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। वहीं प्रशासन ने घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
