मुंबई हवाई अड्डे ने पिछले साल बनाया 5.55 करोड़ यात्रियों का नया रिकॉर्ड

मुंबई, 08 जनवरी (वार्ता) मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे ने कैलेंडर वर्ष 2025 में 5.55 करोड़ यात्रियों की आवाजाही के साथ एक नया रिकॉर्ड कायम किया। यह आंकड़ा कैलेंडर वर्ष 2024 की तुलना में लगभग 1.3 प्रतिशत और वर्ष 2023 की तुलना में 7.6 प्रतिशत अधिक है। कुल यात्रियों में 1.63 करोड़ अंतर्राष्ट्रीय और 3.92 करोड़ घरेलू यात्री शामिल हैं। हवाई अड्डे के लिए जनवरी 2025 अब तक का सबसे व्यस्त महीना रहा, जिसमें करीब 50 लाख यात्रियों ने यहां से सफर किया। इसके बाद नवंबर 2025 में लगभग 49 लाख यात्रियों की आवाजाही दर्ज की गयी।नवंबर में एक दिन में सबसे अधिक यात्रियों का रिकॉर्ड भी बना। हवाई अड्डे पर 29 नवंबर को 1,75,925 यात्रियों की आवाजाही दर्ज की गयी। इसके अलावा, अक्टूबर से दिसंबर में एक तिमाही में सबसे अधिक यात्रियों का रिकॉर्ड बना। इस दौरान कुल 1.43 करोड़ यात्रियों की आवाजाही रही।

कैलेंडर वर्ष 2025 में हवाई अड्डे पर 3,31,011 उड़ानों का भी रिकॉर्ड बना। इसमें 92,141 अंतर्राष्ट्रीय और 2,38,870 घरेलू उड़ानें शामिल रही हैं। गत 21 नवंबर को एक नया रिकॉर्ड बना, जब एक ही दिन में 1,036 उड़ानों की आवाजाही दर्ज की गयी। मुंबई हवाई अड्डे पर ट्रैफिक के लिहाज से पिछले साल दिल्ली शीर्ष गंतव्य रहा। यहां से जाने वाली 17 प्रतिशत उड़ानें दिल्ली के लिए थी। इसके बाद बेंगलुरु (10 प्रतिशत) और गोवा (छह प्रतिशत) का स्थान रहा। शीर्ष अंतर्राष्ट्रीय गंतव्य दुबई रहा। कुल अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों में 15 प्रतिशत दुबई के लिए रहीं। लंदन और अबू धाबी दोनों का योगदान 7.5 प्रतिशत-7.5 प्रतिशत रहा।

Next Post

वैश्विक अनिश्चितताओं से शेयर बाजारों में बड़ी गिरावट, सेंसेक्स 780 अंक लुढ़का

Thu Jan 8 , 2026
मुंबई, 08 जनवरी (वार्ता) वैश्विक अनिश्चितताओं से घरेलू शेयर बाजारों में गुरुवार को बड़ी गिरावट देखी गयी और प्रमुख सूचकांक करीब एक प्रतिशत की गिरावट में बंद हुए। बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 780.18 अंक (0.92 प्रतिशत) टूटकर 11 नवंबर 2025 के बाद के निचले स्तर 84,180.96 […]

You May Like