दक्षिण वनमण्डल में पाया गया एक दुर्लभ जीव हार्सहेयर वार्म

पन्ना। दक्षिण पन्ना वनमंडल के मोहन्द्रा परिक्षेत्र अंतर्गत मोतीडोल बीट में कार्यरत वनकर्मी अरविंद कुमार विश्वकर्मा द्वारा एक रोचक और दुर्लभ जीव का अवलोकन किया गया। जिसे आम बोलचाल की भाषा में ‘घोड़े के बाल जैसे कीड़ा हार्सहेयर वार्म कहा जाता है। यह जीव वैज्ञानिक वर्गीकरण में नेमेटोमार्फा नामक जीवसमूह से संबंधित होता है। यह कीड़ा अत्यंत पतला, सफेद या हल्के भूरे रंग का धागे जैसा होता है और प्रायः गीली मिट्टी या पानी के आसपास उलझे हुए समूह में पाया जाता है। इसकी उपस्थिति अक्सर ग्रामीणों में भ्रम पैदा कर सकती है, परंतु यह पूरी तरह से निरापद है और न तो मनुष्यों को और न ही अन्य बड़े प्राणियों को कोई हानि पहुंचाता है। हॉर्सहेयर वॉर्म का जीवन चक्र अत्यंत रोचक होता है। ये कीड़े प्रारंभिक अवस्था में झिंगुर, टिड्डा, या भृंग जैसे कीटों के शरीर के भीतर परजीवी के रूप में निवास करते हैं। परिपक्व होने पर यह कीट के मस्तिष्क को प्रभावित कर उसे पानी की ओर आकर्षित करते हैं, जहां से यह जीव बाहर निकल आता है और कुछ समय के लिए स्वतंत्र रूप से जल या गीले वातावरण में जीवन व्यतीत करता है। इस प्रक्रिया को देखकर ऐसा प्रतीत होता है जैसे यह कीड़ा अचानक जमीन या पानी से उत्पन्न हो गया हो, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में अनेक प्रकार के मिथक और अंधविश्वास जुड़ जाते हैं। इस जीव का व्यवहार न केवल जैविक दृष्टि से रोचक है, बल्कि यह पारिस्थितिकी तंत्र की समृद्धता का भी परिचायक है। ऐसे कीड़े जैव विविधता के अच्छे संकेतक माने जाते हैं और यह दर्शाते हैं कि उस क्षेत्र में कीट जीवन और आर्द्र परिस्थितियों का अच्छा संतुलन मौजूद है।

Next Post

पटपरी गिधौडा गांव मे उल्टी-दस्त का प्रकोप, आधा सैकड़ा से ज्यादा लोग बीमार

Wed Jul 23 , 2025
पन्ना। पन्ना जिले के शाहनगर जनपद पंचायत अंतर्गत खमतरा ग्राम पंचायत के पटपरी गिधौडा गांव में आधा सैकड़ा के लगभग लोग बीमार हो गए हैं। कुछ लोग उल्टी-दस्त पीड़ित है। जिनका इलाज स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव और सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र शाहनगर मे स्वास्थ्य विभाग की टीम की ओर से […]

You May Like

Play sound