
नीमच। हरवार- फोफलिया मार्ग पर हुए भीषण सडक़ हादसे में घायल रेखा सेन की मंगलवार तडक़े मौत के बाद परिजन, ग्रामीण और समाजजन भारी संख्या में रेखा का शव लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने एसडीएम को ज्ञापन सौंपते हुए आरोपी कार चालक पर कठोर कार्रवाई, पीडि़त परिवार को सरकारी सहायता और उचित मुआवज़ा देने की मांग की।
परिजनों का कहना है कि पति-पत्नी दोनों की मौत से परिवार पूरी तरह उजड़ गया है। मृतक कारूलाल और रेखा के छोटे बेटे रोहित और चेतन ब पूर्ण अनाथ हो चुके हैं और आर्थिक स्थिति अत्यंत कमजोर है।
ज्ञापन में प्रमुख माँगें रखी गईं बड़े पुत्र रोहित को पशु चिकित्सा विभाग में स्थाई नियुक्ति, छोटे पुत्र चेतन की शिक्षा व भरण-पोषण हेतु सरकारी सहायता, आरोपी कार चालक पर कड़ी कार्रवाई, परिवार को उचित मुआवज़ा दिया जाए।
भीषण हादसे में 20 दिन में पति-पत्नी दोनों की मौत
बिसलवास सोनगरा निवासी कारूलाल सेन अपनी पत्नी रेखा बाई के साथ 11 नवंबर की रात बाइक से घर लौट रहे थे। हरवार- फोफलिया मार्ग पर सामने से आ रही तेज रफ्तार वेन्यू कार (आरजे 35 सीए 4477) ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।कार चालक बलराम पिता राजेश पाटीदार, निवासी पानमोड़ी (राजस्थान), कथित रूप से लापरवाही से कार चला रहा था। टक्कर इतनी भयंकर थी कि दंपती करीब 30 मीटर तक घसीटते चले गए। हादसे में कारूलाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रेखा बाई गंभीर रूप से घायल हुईं। उन्हें नीमच जिला अस्पताल और फिर गंभीर स्थिति में अहमदाबाद रेफर किया गया।
लगभग 20 दिन तक इलाज चलने के बाद परिजन उन्हें घर ले आए, लेकिन दो दिन बाद उनकी हालत अचानक बिगड़ी और मंगलवार सुबह 5 बजे रेखा बाई का निधन हो गया। रेखा का पोस्टमार्टम जिला अस्पताल में किया गया, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे, जिसके बाद परिजन शव लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुँचे।
