
भोपाल। फिल्मी स्टाइल में एक युवक का अपहरण कर मारपीट करने वाले आरोपियों को गुनगा थाना पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार किया है. ढ़ाबे पर खाने के दौरान युवक से मामूली विवाद पर चार आरोपियों ने गुंडागर्दी कर रौब झाड़ा और उसे आटो में बैठाकर अपने साथ जबरदस्ती ले गए. आरोपियों के चंगुल से आजाद होने के बाद पीड़ित ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
मिली जानकारी के मुताबिक फरियादी सुरेन्द्र सेन (24) निवासी बरखेड़ा ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई. सुरेन्द्र ने पुलिस को बताया कि सोमवार देर रात को जब वह एक ढाबे पर खाना खाने के लिए पहुंचे थे. इस दौरान वहां मौजूद आरोपियों अभिषेक, रोहित मालवीय, रोहित उर्फ रिक्की और हेमन्त यादव ने विवाद करते हुए मारपीट करनी शुरू कर दी. आरोपियों ने इसके बाद फरियादी को जबरन ऑटो में बैठाकर भोपाल की ओर ले जाते हुए रास्ते में मारपीट की. आरोपी पीड़ित को भोपाल मेमोरियल के पास छोड़कर फरार हो गए. घायल अवस्था में थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. घटना में प्रयुक्त ऑटो को भी जब्त किया गया है.
