
भिंड। जिले के लहार थाना क्षेत्र के मेहरी गांव में कुएं में मिली छह वर्षीय सृष्टि दौहरे की मौत के मामले में पुलिस ने हत्या का खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक मेडिकल बोर्ड की रिपोर्ट में बच्ची की हत्या किए जाने की पुष्टि हुई, जिसके बाद उसकी मां ज्योति दौहरे और उसके प्रेमी रमाशंकर शर्मा के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छिपाने का मामला दर्ज किया गया है। जांच में पुलिस ने प्रेम संबंध को हत्या की वजह बताया है, पुलिस का दावा है कि दोनों शादी करना चाहते थे और बच्ची उनके रिश्ते में बाधा बन रही थी, जिसके चलते उसकी हत्या कर शव कुएं में फेंक दिया गया। दोनों आरोपी घटना के बाद से फरार बताए जा रहे हैं और पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
