
इंदौर. वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार थाना आजाद नगर क्षेत्र में पुलिस ने अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाया. इस अभियान में शराब पीकर वाहन चलाने वाले ड्राइवरों और अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की गई.
एसीपी आलोक कुमार शर्मा ने बताया कि मुसखेड़ी चेकिंग प्वाइंट पर एसीपी अनुभाग आजाद नगर, आईपीएस करणदीप सिंह के नेतृत्व में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया. इस दौरान एक महेंद्रा स्कॉर्पियो गाड़ी क्रमांक एमपी 09 सी एक्स 2770 को लाल बत्ती लगाकर चलाते हुए पकड़ा गया. पुलिस द्वारा वाहन से तुरंत लाल बत्ती हटवाई गई और गाड़ी जब्त कर ली गई.वाहन चालक हर्ष, जो कि जिला धार का निवासी है, को मौके पर ही गिरफ्तार किया गया. इसी तरह
इस अभियान के दौरान पुलिस ने शराब पीकर वाहन चला रहे पांच अन्य वाहनों को रोका. इन चालकों की जांच करने पर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कानूनी कार्रवाई की गई, और सभी वाहन जब्त कर लिए गए.
सख्त चेतावनी और पुलिस की अपील
आईपीएस करणदीप सिंह ने नागरिकों से अपील की है कि वे कानून का पालन करें और शराब पीकर वाहन न चलाएं. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई व्यक्ति अवैध हूटर या लाल बत्ती का इस्तेमाल करता है, शराब के नशे में गाड़ी चलाता है, या अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
