
भोपाल। राजधानी भोपाल में छात्राओं पर कटर से हमला कर दहशत फैलाने वाले आरोपी को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को बुधवार देर रात छोला क्षेत्र में घेराबंदी कर पकड़ा गया। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस ने 20 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान देवेंद्र अहिरवार के रूप में हुई है, जो सागर जिले का रहने वाला है और भोपाल में मजदूरी करता था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना से पहले उसका अपनी पत्नी से विवाद हुआ था, जिसके बाद वह गुस्से में घर से निकला और अलग-अलग स्थानों पर छात्राओं पर हमला कर दिया।
आरोपी की तलाश के लिए क्राइम ब्रांच, अयोध्या नगर और पिपलानी थाना पुलिस की संयुक्त पांच टीमें गठित की गई थीं। करीब 100 से अधिक पुलिसकर्मी उसकी खोज में लगे थे। पुलिस ने उसकी पहचान और लोकेशन ट्रेस करने के लिए 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले।
घटना 29 जनवरी की रात की बताई जा रही है। पत्नी से झगड़े के बाद आरोपी बाइक से निकला और भानपुर ब्रिज होते हुए अयोध्या नगर व पिपलानी इलाके में पहुंचा, जहां उसने तीन छात्राओं पर कटर से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। इनमें दो छात्राओं को गंभीर चोटें आईं, जबकि एक को मामूली चोट लगी। पिपलानी क्षेत्र में एक अन्य युवती पर भी हमले की बात सामने आई है, जिसे हल्की चोट आई।
30 जनवरी को पीड़ित छात्राओं की शिकायत पर अयोध्या नगर और पिपलानी थानों में अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई थीं। वारदात के दौरान आरोपी ने चेहरे पर रूमाल बांध रखा था और वह कई सीसीटीवी कैमरों में कैद हुआ। पुलिस का कहना है कि आरोपी शराब पीने का आदी है और अब तक की जांच में किसी संगठित साजिश के बजाय व्यक्तिगत आक्रोश को घटना की वजह माना जा रहा है।
