
बाकानेर। शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व पर क्षेत्र में भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार को श्री रामेश्वर मंदिर गरबा मंडल, चेतना कॉलोनी, बाकानेर द्वारा भव्य चुनरी यात्रा का आयोजन किया गया।
शोभायात्रा के रूप में निकली इस चुनरी यात्रा में 131 फीट लंबी चुनरी सिद्ध क्षेत्र माँ सात माता देवी जी को बड़े ही श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ अर्पित की गई। चुनरी यात्रा श्री रामेश्वर मंदिर से ढोल-नगाड़ों और माता रानी के जयकारों के साथ प्रारंभ हुई, जो नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए सात माता मंदिर पहुंची।
यात्रा के दौरान “अंबे मात की जय” और “जय माता दी” के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। चुनरी यात्रा में बड़ी संख्या में माताएं-बहनें, पुरुष श्रद्धालु शामिल हुए। साथ ही नन्हीं बालिकाओं द्वारा गरबा नृत्य कर माता रानी की आराधना की गई, जो आकर्षण का केंद्र रही।
मंदिर पहुंचने पर विधि-विधान से 131 फीट की चुनरी माँ सात माता को अर्पित की
गई। इसके पश्चात महाआरती की गई और उपस्थित सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
रामेश्वर मंदिर गरबा मंडल के सदस्यों ने बताया कि यह चुनरी यात्रा प्रतिवर्ष नवरात्रि में माता के प्रति आस्था और श्रद्धा प्रकट करने के उद्देश्य से निकाली जाती है। इस दौरान बड़ी संख्या में भक्तों की उपस्थिति ने आयोजन को और भी भव्य बना दिया।
