प्रज्ञानंद खिताब की दौड़ में फाइनल राउंड में पहुंचे, असौबायेवा ने जीता महिला वर्ग का खिताब

ओस्लो (नॉर्वे), 05 जून (वार्ता) भारत के प्रज्ञानंद रमेशबाबू ने नॉर्वे चेस 2026 के नौवें राउंड में हमवतन गुकेश डोम्माराजू को हराकर शुक्रवार को होने वाले फाइनल राउंड में जगह बना ली है। वहीं बिबिसारा असौबायेवा ने महिला वर्ग का खिताब अपने नाम कर लिया है। वर्ल्ड नंबर 1 मैग्नस कार्लसन के खिलाफ़ वेस्ली सो का क्लासिकल गेम बराबरी (ड्रॉ) पर खत्म हुआ। इसके बाद सो ने आर्मागेडन गेम जीता, जिससे उन्हें अतिरिक्त अंक मिले और फ़ाइनल राउंड से पहले उनकी बढ़त बनी रही।

प्रज्ञानंद रमेशबाबू ने दिन की अहम क्लासिकल जीत हासिल की और काले मोहरों के साथ खेलते हुए वर्ल्ड चैंपियन गुकेश डोम्माराजू को हराया। एक मुश्किल मुकाबले में, मिडिलगेम में गुकेश के दबाव में आने के बाद प्रज्ञानंद ने खेल पर नियंत्रण बना लिया और आत्मविश्वास के साथ जीत हासिल की। पूरे तीन अंक मिलने के बाद प्रज्ञानंद के 15 अंक हो गए हैं और वह टूर्नामेंट में सबसे आगे चल रहे वेस्ली सो से केवल आधे अंक पीछे हैं।

अलीरेजा फिरोजा भी खिताब की दौड़ में मजबूती से बने हुए हैं। विंसेंट कीमर के खिलाफ एक मुश्किल क्लासिकल गेम से उबरने के बाद, फिरोजा ने आर्मागेडन में जीत हासिल की और अतिरिक्त अंक बटोर लिया। कीमर ने क्लासिकल गेम के लंबे समय तक दबाव बनाए रखा लेकिन फिरोजा ने समझदारी से बचाव किया और खिताब जीतने की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा।
नौवें राउंड के बाद, वेस्ली सो 15.5 अंकों के साथ नॉर्वे चेस में सबसे आगे हैं। प्रज्ञानंद 15 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर हैं, जबकि अलीरेजा फिरोजा 14.5 अंकों के साथ उनके ठीक पीछे हैं।

असौबायेवा ने एक राउंड शेष रहते ही नॉर्वे चेस महिला वर्ग का खिताब जीत लिया। असौबायेवा का अन्ना मुजिचुक के खिलाफ क्लासिकल गेम ड्रॉ रहा। बाद में मुजिचुक ने काले मोहरों के साथ आर्मागेडन गेम ड्रॉ खेला, जिससे उन्होंने आर्मागेडन नियमों के तहत निर्णायक जीत हासिल की और अतिरिक्त अंक प्राप्त किए। इस नतीजे के बावजूद, शीर्ष पर असौबायेवा की बढ़त बनी रही। महिलाओं की प्रतियोगिता में झू जिनेर ने क्लासिकल गेम में एकमात्र निर्णायक जीत हासिल की। उन्होंने काले मोहरों से खेलते हुए दिव्या देशमुख को हराया।

मुकाबले के बीच के तनावपूर्ण दौर में झू ने अपना दबदबा बनाए रखा और जब दिव्या टाइम ट्रबल में जूझ रही थी तो झू ने इसका फायदा उठाकर जीत हासिल की। इस जीत से उन्हें तीन अहम अंक मिले और वह दूसरे स्थान पर पहुंच गईं। हम्पी कोनेरू और मौजूदा महिला वर्ल्ड चैंपियन जू वेनजुन के बीच खेला गया क्लासिकल गेम ड्रॉ रहा। इसके बाद जू ने काले मोहरों से खेलते हुए आर्मागेडन गेम जीता और अतिरिक्त अंक हासिल किए। नौवें राउंड के बाद, बिबिसारा असाउबायेवा 16.5 अंकों के साथ ‘नॉर्वे चेस विमेन’ में सबसे आगे हैं और उन्होंने पहला स्थान पक्का कर लिया है। झू 13 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर हैं, जबकि अन्ना मुजिचुक 12 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर हैं।

.....

Next Post

बीजेपी जिला कार्यालय निर्माण के लिए हुआ भूमिपूजन

Fri Jun 5 , 2026
इंदौर: भाजपा जिला कार्यालय का भूमि पूजन नवदा पंथ में प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ,मंत्री कैलाश विजयवर्गीय , मंत्री तुलसी सिलावट, राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार , विधायक उषा ठाकुर , मधु वर्मा , जिला श्रवण चावड़ा, नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा सहित अनेक गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। Facebook […]

You May Like