
भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी ने पार्टी के टैलेंट हंट कार्यक्रम को अधिक प्रभावी, संगठित और सशक्त बनाने के उद्देश्य से मीडिया विभाग के अंतर्गत 11 सदस्यीय समिति का गठन किया है। इस पहल का उद्देश्य प्रदेशभर में पार्टी की मीडिया पहुंच को मजबूत करने के लिए नए संप्रेषकों और प्रवक्ताओं की पहचान, प्रशिक्षण और प्रोत्साहन करना है।
समिति के अध्यक्ष के रूप में मुकेश नायक को नियुक्त किया गया है। समिति के अन्य सदस्यों में विधायक जयवर्धन सिंह, उपनेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे, विधायक आरिफ मसूद, विधायक विक्रांत भूरिया, विधायक महेश परमार और प्रशिक्षण विभाग के प्रभारी महेंद्र जोशी शामिल हैं। पूर्व विधायक शैलेन्द्र पटेल को भी समिति में स्थान दिया गया है।
इसके अलावा विचारधारा विभाग के अध्यक्ष भूपेंद्र गुप्ता, मृणाल पंत, अपूर्वा भारद्वाज तथा महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रीना बोसासी सोसिया को भी समिति का सदस्य बनाया गया है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार यह समिति चयन प्रक्रिया को सुव्यवस्थित करने, प्रशिक्षण मॉड्यूल को सशक्त बनाने और व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए कार्य करेगी, ताकि आगामी राजनीतिक चुनौतियों के मद्देनज़र कांग्रेस की संचार रणनीति को और मजबूत किया जा सके।
