रीवा: कमिश्नर कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक में कमिश्नर बीएस जामोद ने कहा कि सभी अधिकारी संकल्प से समाधान अभियान में प्राप्त विभागीय आवेदन पत्रों के निराकरण के विशेष प्रयास करें.संकल्प से समाधान शिविर के आवेदनों का निराकरण करें. सभी संभागीय नोडल अधिकारी नियमित रूप से शिविरों की निगरानी करके रिपोर्ट प्रस्तुत करें. मैहर तथा मऊगंज जिले में आवेदन पत्रों की संख्या अन्य जिलों की तुलना में कम है. इन जिलों में शिविरों का प्रभावी आयोजन कराएं.
क्लस्टर स्तर पर आवेदन पत्रों के निराकरण के लिए लगाए जाने वाले शिविरों में अधिकतम 30 पंचायतें ही शामिल करें. इन शिविरों के माध्यम से शासन की सभी प्रमुख योजनाओं का प्रचार-प्रसार कराएं. शिविरों के दिन और स्थल का भी व्यापक प्रचार-प्रसार कराएं. संभागीय अधिकारी प्रत्येक जिले में अभियान के दौरान दर्ज विभाग से जुड़े आवेदन पत्रों के निराकरण की समीक्षा करें. राजस्व, श्रम, सामाजिक न्याय, ग्रामीण विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग तथा ऊर्जा विभाग में बड़ी संख्या में आवेदन पत्र लंबित हैं.
इनका निराकरण कराएं. कमिश्नर ने कहा कि यूरिया खाद की रैक लगातार प्राप्त हो रही है. इसका ई टोकन के माध्यम से व्यवस्थित वितरण कराएं. इस सप्ताह भी रीवा और सीधी में खाद की रैक आएगी. खाद के अग्रिम भण्डारण के लिए भी समितियों के पास पर्याप्त खाद उपलब्ध कराएं. बैठक में संयुक्त आयुक्त सुदेश मालवीय, उपायुक्त राजस्व एलएल अहिरवार मौजूद रहे.
