शिवपुरी: देहात थाना पुलिस ने बिलोकला गांव के पास पुलिया पर छापेमारी कर राजस्थान के झालावाड़ निवासी हीरालाल तंवर को स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। झालावाड़ के हीरालाल तंवर को 255 ग्राम अवैध मादक पदार्थ स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। जब्त स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 51 लाख रुपये बताई जा रही है। यह कार्रवाई अब तक शिवपुरी जिले में स्मैक के खिलाफ सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है, जिसमें एक साथ इतनी बड़ी खेप पकड़ी गई है।
एडिशनल एसपी संजीव मुले ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति संदिग्ध हालत में स्मैक बेचने के लिए खड़ा है। सूचना के आधार पर एक टीम बनाई गई। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंती और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। जांच के क्रम में उसके पास से 255 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
एडिशनल एसपी ने बताया कि गिरफ्तार तस्कर से पूछताछ की जा रही है, और ये भी जानने की कोशिश की जा रही है कि उसके गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल है। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, साल 2025 में देहात थाना पुलिस अब तक 7 मामलों में करीब 445 ग्राम स्मैक जब्त कर चुकी है, जिसकी कीमत लगभग 91 लाख रुपये है।
