
राहतगढ़। राहतगढ थाना क्षेत्र मे नशे की हालत व गलत दिशा में वाहन चलाते हुए बोलेरो चालक ने तीन बाइक व एक ट्रैक्टर को टक्कर हादसे में तीन लोगों ने अपनी जान गंवा दी। इसमें एक व्यक्ति सेमरा झिला एवं दो लोग चंद्रापुर गांव के थे। आज शुक्रवार को ग्राम चंद्रापुर के ग्रामीणों और परिजनों ने बोलेरो चालक पर उचित कार्यवाही की मांग को लेकर करीब तीन घंटे तक रामगोपाल एवं हेमंत का शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। खबर की जानकारी लगते ही जिला पंचायत अध्यक्ष हीरासिंह राजपूत एवं स्थानीय प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और परिजनों ग्रामीणों को समझाया तब कही जाम खुल सका। इस दौरान दोनों तरफ वाहनो की कतारें लग गई। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष हीरासिंह राजपूत ने उचित मुआवजा के लिए निर्देशित किया एवं केबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत की तरफ से तत्काल व्यवस्था के लिए नगद चालीस चालीस हजार रुपए की राशि पीड़ित पक्ष को दी गई। वही थाना प्रभारी मुकेशसिंह ठाकुर ने बताया कि बोलेरो चालक बृजेश यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
