टाट-पट्टी पर बैठकर परीक्षा देने को मजबूर हुए छात्र; लापरवाह केंद्राध्यक्ष पर गिरी गाज, CEO ने थमाया नोटिस

सीहोर। माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित हायर सेकेंड्री परीक्षा मंगलवार से जिले में शांतिपूर्ण वातावरण में प्रारंभ हो गई. पहले दिन कक्षा 12वीं के अंग्रेजी विषय की परीक्षा जिले के सभी विकासखंडों में बनाए गए 98 परीक्षा केंद्रों पर संपन्न हुई.परीक्षा के दौरान एक भी नकल प्रकरण दर्ज नहीं होना प्रशासन और शिक्षा विभाग के लिए बड़ी राहत और उपलब्धि माना जा रहा है.

मंगलवार से माध्यमिक शिक्षा मंडल की वार्षिक परीक्षाओं की शुरुआत हो गई है. परीक्षा के पहले दिन कक्षा बारहवीं के अंग्रेजी विषय का पेपर देने बच्चे परीक्षा केन्द्रों पर पहुंचे. परीक्षा केन्द्र जाने से पहले बच्चों ने अपने घरों के मंदिरों में मत्था टेककर पेपर अच्छा जाने की प्रार्थना की. इसके बाद परिजनों अथवा दोस्तों के साथ परीक्षा केन्द्र पर पहुंचे. इस दौरान परीक्षार्थी वहां लगे सूचना पटल पर अपने रोल नंबर के आधार पर कक्ष की जानकारी लेते देखे गए. परीक्षा केन्द्रों पर पुलिस बल तैनात था और बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर पूरी तरह से प्रतिबंध था. परीक्षा केन्द्र के बाहर भी लोगों को भीड़ जमा करने से मना किया जा रहा था.

वार्षिक परीक्षा के पहले दिन जिले में पंजीकृत कुल 16,083 परीक्षार्थियों में से 15,892 विद्यार्थियों ने अंग्रेजी विषय की परीक्षा दी, जबकि 191 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे. सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा एवं गोपनीयता के पुख्ता इंतज़ाम किए गए थे, जिसके चलते जिले में परीक्षा व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई. जिला स्तरीय निरीक्षण दल के अंतर्गत डीईओ संजय सिंह तोमर ने शासकीय उमावि श्यामपुर, आशा एव्ही कॉन्वेंट श्यामपुर, शासकीय बालक उमावि दोराहा एवं शासकीय उत्कृष्ट उमावि क्रमांक-1 का निरीक्षण कियाप्त वहीं विकासखंड स्तरीय दलों ने अपने-अपने क्षेत्रों में परीक्षा केंद्रों का जायजा लिया. सभी स्थानों पर व्यवस्थाएं संतोषजनक और सुव्यवस्थित पाई गईं.

टाट पट्टी पर बैठकर परीक्षा दे रहे थे परीक्षार्थी

मंगलवार से प्रारंभ हुई माशिंम की वार्षिक परीक्षाओं के पहले ही दिन अव्यवस्था भी देखने को मिली. शहर के राधाकृष्ण सरस्वती शिशु मंदिर में बनाए गए परीक्षा केन्द्र पर परीक्षार्थियों को टेबल- कुर्सी के अभाव में टाट- पट्टी पर बैठकर परीक्षा देने को बाध्य होना पड़ा. इस दौरान वह काफी परेशान होते रहे. सर्वाधिक दिक्कत उन परीक्षार्थियों को हुई जो तख्ती लेकर नहीं आए थे. इस मामले की जानकारी जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती सर्जना यादव को मिली तो उन्होंने वहां के केन्द्राध्यक्ष शंकरलाल पंवार को तुरंत वहां से हटाने और उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी संजय सिंह तोमर को दिए. परीक्षा केन्द्र पर इस गंभीर अव्यवस्था को लेकर परीक्षार्थियों में भी आक्रोश का माहौल बना हुआ था.

विकासखंडवार उपस्थिति की स्थिति

हायर सेकेंड्री परीक्षा में जिले में कुल 16083 परिक्षार्थी दर्ज थे. जिनमें से 15892 परिक्षार्थियों ने परीक्षा दी. वहीं 191 परीक्षार्थी अनुपस्थित पाए गए.

सीहोर- 5582 में से 5527 उपस्थित, 55 अनुपस्थित

इछावर- 1494 में से 1475 उपस्थित, 19 अनुपस्थित

बुधनी- 1736 में से 1712 उपस्थित, 24 अनुपस्थित

भैरुंदा- 2453 में से 2413 उपस्थित, 40 अनुपस्थित

आष्टा- 4818 में से 4765 उपस्थित, 53 अनुपस्थित

सीईओ ने परीक्षार्थियों का बढ़ाया मनोबल

जिला पंचायत सीईओ सर्जना यादव ने शासकीय उत्कृष्ट उमावि क्रमांक-1 का निरीक्षण कर परीक्षा प्रारंभ से जुड़ी समस्त कार्यवाही का अवलोकन किया. उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें भयमुक्त और आत्मविश्वास के साथ परीक्षा देने के लिए प्रेरित किया. परीक्षा के पहले दिन सभी परीक्षा केंद्रों के केंद्राध्यक्ष एवं सहायक केंद्राध्यक्षों ने निर्धारित थानों से कलेक्टर प्रतिनिधि की मौजूदगी में प्रश्नपत्र प्राप्त किए और सुरक्षित रूप से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया। पूरी प्रक्रिया की जानकारी एप के माध्यम से बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड की गईं.जिला स्तरीय निरीक्षण दल के अंतर्गत डीईओ संजय सिंह तोमर ने शासकीय उमावि श्यामपुर, आशा एव्ही कॉन्वेंट श्यामपुर, शासकीय बालक उमावि दोराहा एवं शासकीय उत्कृष्ट उमावि क्रमांक-1 का निरीक्षण किया.

Next Post

आधा दर्जन शराबी चालकों पर कार्रवाई, यातायात पुलिस ने वाहन जप्त कर भेजा न्यायालय

Tue Feb 10 , 2026
सिंगरौली। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं यातायात नियमों के प्रति आम जनता को जागरूक करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के तहत 9 व 10 फरवरी को मध्य रात्रि में अलग-अलग टीम लगाया जाकर शहर के निगाही मोड़, अमलोरी तिराहा एवं पुराना ट्रैफिक तिराहा पर शराब पीकर वाहन […]

You May Like