कलश यात्रा में भगदड़, एक महिला की मौत, 8 घायल

ग्वालियर। कलश यात्रा के दौरान भगदड़ मचने से एक महिला की मौत हो गई वहीं आठ महिलाएं गंभीर रूप से घायल हैं. भगदड़ की ये घटना डबरा में नवग्रह मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के दौरान निकाली गई कलश यात्रा के दौरान हुई. मृतका का नाम रति साहू बताया जा रहा है. वे हनुमान कॉलोनी की रहने वाली थीं. हादसे में 8 महिलाएं घायल हैं जिनका डबरा एवं ग्वालियर के अस्पतालों में इलाज चल रहा है।

पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ग्वालियर के डबरा में नवग्रह मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा करा रहे हैं. पूजा के इसी कार्यक्रम के तहत मंगलवार की सुबह कलश यात्रा निकाली जा रही थी. यात्रा के दौरान अचानक भगदड़ मच गई और देखते ही देखते चीख-पुकार मच गई. परिजन का रो-रोकर बुरा हाल था. आज मंगलवार 10 फरवरी से 20 फरवरी तक नवग्रह पीठ प्राण प्रतिष्ठा को लेकर धार्मिक एवं आध्यात्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाने हैं.

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक भगदड़ तब मची जब कलश यात्रा से पहले कलश बांटे जा रहे थे। इसी दौरान पुलिसकर्मियों ने अचानक स्टेडियम का गेट खोल दिया, जिससे भीड़ बेकाबू हो गई। महिलाएं एक दूसरे पर गिर गईं। मृतक महिला की बहू ने बताया कि पुलिसकर्मियों की लापरवाही से हादसा हुआ। भीड़ को कंट्रोल नहीं किया गया। इसी वजह से सास रति साहू को भीड़ कुचलते निकल गई। घायल सास को अस्पताल लेकर गए, तो डॉक्टर्स ने लापरवाही बरती। यहां ऑक्सीजन के लिए उनकी सास 30 मिनट तक तड़पती रही। दोपहर 1 बजे कलश यात्रा होनी थी। इसके लिए महिलाओं को सुबह 11 बजे स्टेडियम पहुंचने के लिए कहा गया था लेकिन सुबह 9 बजे से ही महिलाएं बड़ी संख्या में ग्राउंड पर जुटने लगी थीं। एंट्री गेट और अंदरूनी व्यवस्था के लिए भीड़ पर पर्याप्त नियंत्रण नहीं किया गया। कलश यात्रा के लिए 1000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी, लेकिन भगदड़ के वक्त प्रभावित लोगों को चंद पुलिसकर्मी ही बचाते दिखे.

*स्टेडियम ग्राउंड में हर तरफ बिखरी थीं महिलाओं की चप्पलें, टूटी चूड़ियां और सामान*

हादसे के बाद स्टेडियम ग्राउंड में हर तरफ महिलाओं की चप्पलें, टूटी चूड़ियां और बिखरा सामान पड़ा मिला। कई महिलाएं हादसे के बाद भी ग्राउंड पर बैठी नजर आईं। उनका कहना था कि उन्हें यात्रा के लिए बुलाया गया था, लेकिन न तो कलश मिला और न ही सही जानकारी दी गई।

*महिलाएं जमीन पर एक दूसरे को कुचलते निकलीं*

भगदड़ के दौरान का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें दिख रहा है कि गेट खोलते ही भीड़ बेकाबू हो गई. महिलाएं कलश लेने के लिए दौड़ पड़ीं। महिलाएं जमीन पर एक दूसरे को कुचलते निकलीं. डीआईजी अमित सांघी ने कहा कि मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

*हादसे में ये हुए घायल*

सरोज साहू पति लालाराम साहू, निवासी दर्शन कॉलोनी, सुमन पति कमलकिशोर, विनीत पिता बाबूलाल कोरी, विमला, पुष्पा, दुर्गेश, उम्मेद सिंह रावत निवासी अशोक नगर, अनिता अहिरवार.

*कलेक्टर एवं आईजी ने अस्पतालों में पहुंचकर घायलों से मुलाकात की*

कलेक्टर, आईजी समेत जिले के आला प्रशासनिक अधिकारियों ने आज दोपहर ग्वालियर के विभिन्न अस्पतालों में पहुंचकर डबरा में हुई भगदड़ में घायल हुई महिलाओं से मुलाकात कर उनकी हालत और इलाज के बारे में जानकारी ली। इनमें से चार लोगों का उपचार डबरा अस्पताल में चल रहा है जबकि एक बच्ची और एक महिला को ग्वालियर स्थित एप्पल हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया है । वहीं घायलों को जे .ए.एच में भी उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलने पर कलेक्टर रुचिका चौहान ने एप्पल हॉस्पिटल एवं जे.ए.एच अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना साथ ही चिकित्सकों को उपचार की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। घटना की सूचना मिलने पर आईजी अरविंद सक्सेना एडिशनल एसपी सुमन गुर्जर एवं एडिशनल एसपी अनु बेनीवाल, सीएमएचओ डॉ सचिन श्रीवास्तव भी अस्पताल पहुंचे और उन्होंने घायलों का हाल जाना । प्रशासन ने घटना के बाद स्थिति नियंत्रण में होने का दावा करते हुए कहा कि कलश यात्रा अपने तय मार्ग से होते हुए नवग्रह शक्तिपीठ पर पहुंची.

Next Post

गांधी मेडिकल कॉलेज की एमबीबीएस छात्रा की संदिग्ध मौत, हॉस्टल के बाथरूम में मिला शव

Tue Feb 10 , 2026
भोपाल। गांधी मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की एक 19 वर्षीय छात्रा की मंगलवार को संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है. कोहेफिजा इलाके में निजी छात्रावास में छात्रा, जिस कमरे में रहती थी उसी कमरे के बाथरूम में उसे देखा गया. मौके पर छात्रा के पास मिली एसिड़ को बोतल […]

You May Like