
बालाघाट। कुड़वा में खेत में काम कर रहे किसान पर बाघ के हमले से हुई दुखद मृत्यु के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल था। घटना के तुरंत बाद वन विभाग एवं प्रशासनिक टीम द्वारा संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। पूरी सतर्कता के साथ चलाए गए इस अभियान में क्षेत्र में सक्रिय बाघ को चिन्हित कर सफलतापूर्वक नियंत्रित किया गया रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान टीम ने ग्रामीणों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए संयम और सजगता के साथ कार्य किया। इस अभियान में वन विभाग, पुलिस प्रशासन एवं स्थानीय प्रशासन की त्वरित कार्यवाही से क्षेत्र में जनसुरक्षा सुनिश्चित हो सकी है। इस घटना को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतक किसान प्रकाश पाने के निधन को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए ईश्वर से उनके परिजनों को इस दुःख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की है। मुख्यमंत्री द्वारा पीड़ित परिवार को ₹8 लाख की सहायता राशि स्वीकृत की गई। घटना के दिन गंभीरता को देखते हुए स्थानीय विधायक गौरव सिंह पारधी मौके पर पहुंचे और मृतक किसान के परिजनों से भेंट की। उन्होंने तत्काल सहायता स्वरूप वन विभाग से ₹25,000 की राशि नगद दिलवाई, साथ ही क्षेत्र में गश्त, निगरानी और सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
रेस्क्यू ऑपरेशन सुबह 6 बजे से चालु हुआ और दोपहर 3 बजे बाघ को रेस्क्यू करने में टीम को सफलता मिली।
