अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप ने अमेरिका-कनाडा पुल के उद्घाटन को रोकने की धमकी दी

वॉशिंगटन, 10 फरवरी (वार्ता) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका और कनाडा को जोड़ने वाले एक पुल के उद्घाटन को तब तक रोकने की धमकी दी है, जब तक कि कनाडा को दी गयी प्रत्येक वस्तु के बदले अमेरिका को “पूर्ण मुआवजा” नहीं मिल जाता। बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार गॉर्डी होवे अंतर्राष्ट्रीय पुल पूरा होने पर अमेरिका के मिशिगन राज्य के दक्षिणी डेट्रॉइट और कनाडा के ओंटारियो राज्य के विंडसर शहर को जोड़ेगा। श्री ट्रंप ने सोशल मीडिया पर लिखा कि कनाडा के प्रांत ओंटारियो को अमेरिका के राज्य मिशिगन से जोड़ने वाला ‘गॉर्डी होवे अंतर्राष्ट्रीय पुल’ को तब तक नहीं खोला जाएगा, जब तक कि कनाडा ” अमेरिका के साथ उस निष्पक्षता और सम्मान के साथ व्यवहार नहीं करता, जिसके हम हकदार हैं।” परियोजना की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, इस पुल का वित्तपोषण कनाडाई सरकार कर रही है, लेकिन पूर्ण होने पर इसका सार्वजनिक स्वामित्व कनाडा और मिशिगन दोनों के पास होगा। श्री ट्रंप गॉर्डी होवे अंतर्राष्ट्रीय पुल के उद्घाटन को कैसे रोक सकते हैं, यह स्पष्ट नहीं है, लेकिन उन्होंने संक्षिपत तौर पर इतना जरूर कहा कि इस पर बातचीत तुरंत शुरू होगी।

डेट्रॉइट नदी पर बने इस पुल को औपचारिक परीक्षण और अनुमोदन के बाद वर्ष 2026 की शुरुआत में यातायात के लिए खोले जाने की उम्मीद है। पुल का निर्माण 2018 में आरंभ हुआ था, लेकिन यह परियोजना एक दशक से अधिक समय से दोनों देशों के बीच विवाद का विषय रही है। कनाडाई ब्रॉडकास्टिंग कॉर्पोरेशन के अनुसार, इसकी लागत लगभग 6.4 बिलियन कनाडाई डॉलर होने का अनुमान है। श्री ट्रंप ने ट्रुथ’ पर जारी एक बयान में कहा कि अमेरिका के पास “इस संपत्ति का कम से कम आधा हिस्सा” होना चाहिए। परियोजना की वेबसाइट के अनुसार, पुल का निर्माण करने वाली संस्था ‘विंडसर-डेट्रॉइट ब्रिज अथॉरिटी’ पूरी तरह से कनाडाई सरकार के स्वामित्व में है। श्री ट्रंप ने लिखा: “कनाडाई सरकार मुझसे, अमेरिका के राष्ट्रपति के रूप में, यह अपेक्षा करती है कि मैं उन्हें ‘अमेरिका का लाभ उठाने’ की अनुमति दे दूं! मैं इस पुल को तब तक खुलने नहीं दूंगा जब तक कि अमेरिका की दी गई हर चीज़ के लिए उसे पूर्ण मुआवजा नहीं मिल जाता।” पड़ोसी ‘एम्बेसडर ब्रिज’ (जो डेट्रॉइट को कनाडा से जोड़ता है) के अमेरिकी मालिक, मोरोन परिवार ने श्री ट्रंप के पहले कार्यकाल के दौरान नए पुल का निर्माण रोकने की अपील की थी। उनका तर्क था कि यह पुल कर वसूलने की उनकी विशेष क्षमता का उल्लंघन करता है। उस समय श्री ट्रंप और कनाडा के तत्कालीन प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने एक संयुक्त बयान जारी कर कहा था कि यह पुल दोनों देशों के बीच एक “महत्वपूर्ण आर्थिक कड़ी” है।

श्री ट्रंप ने सोमवार को दोनों देशों के बीच हालिया व्यापार विवादों की ओर इशारा करते हुए कहा कि “कनाडा हमारे डेयरी उत्पादों पर जो शुल्क लगाता है, वह कई वर्षों से अस्वीकार्य रहा है।”
श्री ट्रंप ने अपनी बात जारी रखते हुए कहा: “चीन सबसे पहले कनाडा में खेले जाने वाले सभी ‘आइस हॉकी’ खेलों को बंद कर देगा और ‘स्टैनली कप’ को स्थायी रूप से समाप्त कर देगा।”
कनाडा के पुल प्राधिकरण, ओंटारियो के प्रीमियर कार्यालय और डेट्रॉइट के मेयर कार्यालय ने फिलहाल इन टिप्पणियों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

Next Post

'गोलमाल 5' 'दो और दो पांच' पर आधारित नहीं: रोहित शेट्टी

Tue Feb 10 , 2026
नयी दिल्ली, 10 फरवरी (वार्ता) ‘गोलमाल’ फ्रेंचाइजी का पांचवां संस्करण लेकर आ रहे रोहित शेट्टी ने कहा है कि ‘गोलमाल 5’ ‘दो और दो पांच’ पर आधारित नहीं है। गरेलमाल-5 की शूटिंग मार्च 2026 से शुरू होने की उम्मीद है। हालिया रिपोर्टों में यह कहा गया था कि निर्देशक अपनी […]

You May Like