
बैतूल:अर्जुन नगर क्षेत्र में रास्ता बंद किए जाने को लेकर शुक्रवार को लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। बैतूल-आमला मार्ग पर जज कॉलोनी के पास लोगों ने चक्काजाम कर दिया। इस दौरान स्कूल बसें, एंबुलेंस और अन्य वाहन लंबी कतारों में फंसे रहे। पुलिस को चक्काजाम खुलवाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
प्रदर्शनकारी तीन वार्डों के रहवासी थे, जो मुख्य सड़क और अपनी बस्ती को जोड़ने वाले रास्ते के बंद होने से नाराज हैं। यह रास्ता जज कॉलोनी से होकर गुजरता है जिसे सुरक्षा कारणों से बंद किया जा रहा है। लोगों का कहना है कि वैकल्पिक मार्ग काफी लंबा और असुविधाजनक है, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
बताया जा रहा है कि इस रास्ते को लेकर पिछले एक साल से विवाद चल रहा है, लेकिन समाधान नहीं निकल पाने से लोगों का आक्रोश बढ़ गया है। सूचना मिलने पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा और समझाइश के बाद जाम खुलवाया गया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से जल्द समाधान की मांग की है।
