
नर्मदापुरम। श्रीकुंज गार्डन में न्यू मिल्लत वेलफेयर सोसाइटी और नगर परिषद के सहयोग से मुख्यमंत्री निकाह सम्मेलन का भव्य आयोजन हुआ। इस सम्मेलन में 60 जोड़ों ने काजी शहर अशफाक अली की मौजूदगी में निकाह की रस्म अदा की।
प्रदेश सरकार की योजना के अंतर्गत प्रत्येक वधू को 49,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। कार्यक्रम में विधायक डॉ. सीताशरण शर्मा और न.प. अध्यक्ष नीतू महेंद्र यादव सहित कई गणमान्य अतिथि शामिल हुए। विधायक शर्मा ने इसे सामाजिक समरसता की दिशा में एक बड़ा कदम बताया।
समिति अध्यक्ष अलीम राइन और अमीन राइन ने सम्मेलन को सफल बनाने के लिए सभी कमेटियों का आभार व्यक्त किया। अमीन राइन ने विशेष रूप से दहेज-मुक्त और सादगीपूर्ण निकाह पर जोर देते हुए कहा कि इस्लाम में निकाह एक पवित्र बंधन है, जिसमें लड़की पक्ष पर आर्थिक बोझ नहीं डालना चाहिए।
