चाचौड़ा उपजेल में कैदियों की बर्बरता का वीडियो वायरल

गुना: जिले की चाचौड़ा उपजेल के भीतर कैदियों के साथ अमानवीय व्यवहार का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उपजेलर यूएस मोहाने कथित तौर पर कैदियों को पेड़ से लिपटाकर डंडे से पीटते हुए दिखाई दे रहे हैं। हालांकि यह वीडियो करीब छह माह पुराना बताया जा रहा है, लेकिन वर्तमान में इसके सार्वजनिक होने के बाद जेल प्रशासन और जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया है।

सूत्रों के अनुसार, जेल में बंद कैदियों के परिजनों से सुविधाओं के बदले अवैध वसूली और पैसों की मांग की शिकायतें लंबे समय से मिल रही थीं, जिन्हें अब इस वायरल वीडियो से बल मिला है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जब मीडिया की टीम जमीनी हकीकत जानने चाचौड़ा उपजेल पहुँची, तो वहां सन्नाटा पसरा मिला। चौंकाने वाली बात यह रही कि आरोपी उपजेलर यू.एस. मोहाने पिछले तीन-चार दिनों से अपनी ड्यूटी से नदारद हैं और वर्तमान में अवकाश पर बताए जा रहे हैं। जेल के अन्य प्रभारी अधिकारी भी इस मामले में मीडिया के सवालों से बचते नजर आए, जिससे संदेह और गहरा गया है। जेल के भीतर हुई इस कथित मारपीट ने न केवल मानवाधिकारों के उल्लंघन की ओर इशारा किया है, बल्कि जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं कि आखिर प्रतिबंधित क्षेत्र के भीतर मोबाइल कैसे पहुँचा और यह वीडियो किसने बनाया।

इस पूरे प्रकरण पर चाचौड़ा एसडीएम रवि मालवीय ने आधिकारिक बयान देते हुए कहा कि तीन दिन पूर्व मीडिया के माध्यम से उन्हें इस वायरल वीडियो की जानकारी प्राप्त हुई थी। उन्होंने बताया कि वीडियो की प्रमाणिकता और घटना के सही समय की जांच के लिए इसे वरिष्ठ अधिकारियों को भेज दिया गया है। साथ ही, सब-जेलर की भूमिका की विस्तृत जांच के लिए वरिष्ठ कार्यालय को लिखित सूचना दे दी गई है। एसडीएम ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट आने और वरिष्ठ कार्यालय से दिशा-निर्देश प्राप्त होते ही संबंधित अधिकारी के खिलाफ कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। फिलहाल आरोपी अधिकारी के छुट्टी पर होने के कारण प्रशासन उनकी वापसी और रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है।

Next Post

इंजीनियर ने दहेज के 51लाख लौटाए, केवल शगुन का नारियल लिया

Sun Feb 8 , 2026
ग्वालियर: इंजीनियर आकर्ष पाठक ने हाथ में रखी 51 लाख रुपये की दहेज राशि जैसे ही सम्मानपूर्वक वापस की, वहां मौजूद लोग कुछ पल के लिए स्तब्ध रह गए लेकिन यह दहेज प्रथा के खिलाफ एक मजबूत सामाजिक संदेश था। उन्होंने सिर्फ शगुन का एक नारियल लिया। भिंड जिले के […]

You May Like