
नीमच। जावद में शुक्रवार सुबह ग्राम मोरवन में एक पिंकअप अनियंत्रित होकर छोटी पुलिया पर पलट गया। हादसा सरवानिया महाराज चौकी क्षेत्र का है। ट्रक सिंगोली से मोरवन की ओर आ रहा था, तभी पुलिया के पास उसका संतुलन बिगड़ गया। हादसे में चालक को मामूली चोटें आई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, छोटी पुलिया के पास पहुंचते ही चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। पुलिया संकरी होने और सडक़ की खराब स्थिति को भी हादसे का कारण बताया जा रहा है।
ग्रामीणों ने ड्राइवर को सुरक्षित बाहर निकाला
ट्रक पलटने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने राहत कार्य में मदद की और चालक को वाहन से सुरक्षित बाहर निकाला। चालक के पैर में मामूली चोटें आई, जिसे प्राथमिक इलाज के लिए स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। गनीमत रही कि हादसे के समय पुलिया पर कोई अन्य वाहन या राहगीर मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
चालक बोले-वाहन पर नियंत्रण खोने से हादसा
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय प्रशासन और सरवानिया महाराज चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण चालक द्वारा वाहन से नियंत्रण खोना बताया जा रहा है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
ग्रामीणों ने बताया कि मोरवन की इस छोटी पुलिया पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। पुलिया संकरी होने के साथ-साथ सडक़ पर चेतावनी संकेतक और पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था का अभाव है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पुलिया पर चेतावनी संकेतक, स्पीड ब्रेकर और सुरक्षा रेलिंग लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
