
छतरपुर। जिले में ठंड का असर अभी भी बना हुआ है। शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात शहर का न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिसे शनिवार सुबह 8:30 बजे रिकॉर्ड किया गया। यह तापमान एक दिन पहले दर्ज 8.6 डिग्री सेल्सियस की तुलना में 1.2 डिग्री कम रहा। शनिवार सुबह आसमान पूरी तरह साफ रहा और तेज धूप निकलने से दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार सुबह के समय तापमान लगभग 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शहर में आर्द्रता 81 प्रतिशत और दृश्यता 4000 मीटर रिकॉर्ड की गई।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण 8 और 9 फरवरी को आसमान में हल्के बादल छाए रहने की संभावना है, हालांकि इस दौरान बारिश की कोई संभावना नहीं है। आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान धीरे-धीरे बढ़ेगा, जिससे ठंड में कमी आने की उम्मीद जताई जा रही है।
