शहर के वार्ड 26 और 27 में 19 नल कनेक्शन काटे

छिंदवाड़ा। नगर निगम सीमांतर्गत बकाया करों की शत-प्रतिशत वसूली एवं राजस्व सुदृढ़ीकरण के लिए नगर निगम द्वारा प्रतिदिन विशेष वसूली अभियान चलाया जा रहा है। निगम आयुक्त सी.पी. राय के निर्देश में राजस्व अमले द्वारा शहर के विभिन्न वार्डों में सघन कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को वार्ड क्रमांक 26 एवं वार्ड क्रमांक 27 में विशेष राजस्व वसूली अभियान संचालित किया गया। इस अभियान के दौरान दोनों वार्डों में लंबे समय से कर का भुगतान न करने वाले 35 बड़े बकायेदारों से व्यक्तिगत रूप से संपर्क किया गया तथा उन्हें तत्काल बकाया राशि जमा करने के कड़े निर्देश दिए गए। कार्रवाई के दौरान जल कर एवं संपत्ति कर का भुगतान न करने पर कड़ा एक्शन लेते हुए वार्ड क्रमांक 27 के 8 तथा वार्ड क्रमांक 26 के 11, इस प्रकार कुल 19 बड़े बकायेदारों के नल कनेक्शन मौके पर ही काट दिए गए। इसके साथ ही क्षेत्र में अवैध रूप से चलाए जा रहे नल कनेक्शनों के विरुद्ध भी विच्छेदन की कार्रवाई की गई। निगम प्रशासन ने सभी संपत्ति कर एवं जल करदाताओं को स्पष्ट चेतावनी देते हुए 7 दिवस का अंतिम अल्टीमेटम दिया है। निर्देश दिए गए हैं कि वे सात दिनों के भीतर अपने सभी बकाया करों का शत-प्रतिशत भुगतान सुनिश्चित करें, अन्यथा समयावधि समाप्त होने पर संबंधित भवनों व परिसरों की कुर्की तथा कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। इस विशेष राजस्व वसूली अभियान के दौरान सहायक आयुक्त सुश्री मीना कोरी, समस्त राजस्व निरीक्षक, संबंधित वार्डों के संपत्ति कर संग्रहणकर्ता, जल कर संग्रहणकर्ता, जल कर प्रभारी सहित निगम का पूरा मैदानी अमला प्रमुख रूप से मौजूद रहा। नगर निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की दंडात्मक कार्रवाई से बचने के लिए समय पर करों का भुगतान कर नगर विकास में अपनी सहभागिता निभाएं।

Next Post

इजरायल में होने वाले संसदीय चुनावों से पहले ईरान पर सैन्य कार्रवाई की जरूरत नहीं: सेना प्रमुख

Fri Oct 23 , 2026
यरूशलम, 23 अक्टूबर (वार्ता) युद्ध के दोबारा शुरू होने की बढ़ती आशंकाओं के बीच, इजरायल की सेना के प्रमुख (चीफ ऑफ स्टाफ) लेफ्टिनेंट जनरल इयाल जमीर 27 अक्टूबर को होने वाले इजरायली संसद (नेसेट) के चुनावों से पहले ईरान पर हमले की कोई जरूरत महसूस नहीं करते हैं। चैनल 13 […]

You May Like