किताबों से दोस्ती करा रही रीडिंग वैन, बच्चों ने पढ़ीं कहानियां

शुजालपुर, बच्चों में पढऩे की आदत विकसित करने, भाषा कौशल मजबूत करने और रचनात्मक सोच को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिले में संचालित रीडिंग वैन चलित पुस्तकालय गुरुवार को शुजालपुर के सीएम राइज विद्यालय पहुंचा. रीडिंग वैन को देखकर बच्चों में खासा उत्साह नजर आया, कक्षा 1 से 5 तक के करीब 350 बच्चों ने गतिविधि में सहभागिता की.

बच्चों ने अपनी रुचि के अनुसार विभिन्न पुस्तकें और रोचक कहानियां पढ़ीं. चित्रों के माध्यम से कहानी समझने के साथ बच्चों ने अपनी कल्पनाओं और विचारों को भी अभिव्यक्त किया. इस दौरान कलेक्टर, एसपी, डीईओ और एसडीएम सहित जिला एवं ब्लॉक स्तर के अधिकारी विद्यालय पहुंचे.

बच्चों के साथ घुले-मिले अधिकारी

कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर ने बच्चों से कहानी पढ़वाई और उनकी पठन क्षमता एवं अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित किया. बच्चों ने अपनी बनाई रचनात्मक ड्रॉइंग भी कलेक्टर को दिखाई. वहीं एसडीएम ने बच्चों को रोचक कहानी सुनाई, जिसे बच्चों ने उत्साह और ध्यानपूर्वक सुना. अधिकारियों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए नियमित रूप से किताबें पढऩे के लिए प्रेरित किया.

मेरे शब्द मेरी कहानी में साझा किए अनुभव

मेरे शब्द मेरी कहानी थीम के तहत बच्चों ने पढ़ी गई कहानियों पर अपने विचार साझा किए. उन्होंने कहानियों से मिली सीख और अपने अनुभव भी बताए. गतिविधि के माध्यम से बच्चों को पढऩे के साथ सोचने, समझने, कल्पना करने और अपनी बात प्रभावी ढंग से रखने का अवसर मिला. बीईओ, बीआरसी, बीएसी, सीएसी एवं मिशन अंकुर की टीम भी कार्यक्रम में उपस्थित रही. अधिकारियों ने कहा कि रीडिंग वैन के माध्यम से किताबें बच्चों तक पहुंचने से उनमें पठन के प्रति रुचि और जिज्ञासा बढ़ रही है. बच्चों के बीच अधिकारियों की प्रत्यक्ष सहभागिता ने गतिविधि को और प्रभावी बनाया. जिले में पठन संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में रीडिंग वैन को उपयोगी पहल माना जा रहा है.

Next Post

ट्रेन की चपेट में आने से अज्ञात व्यक्ति की मौत

Thu Sep 3 , 2026
मक्सी, मक्सी रेलवे स्टेशन के करीब गुरुवार दोपहर करीब 1.30 बजे एक अज्ञात व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आ गया. हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई. जानकारी के अनुसार मृतक की उम्र करीब 60 वर्ष बताई जा रही है. घटना रेलवे स्टेशन के भोपाल तरफ स्थित ब्रिज […]

You May Like

मनोरंजन