इटारसी के टिकट निरीक्षक महेश लिंगायत बने पमरे के पहले वन करोड़ क्लब सदस्य

इटारसी। पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल में टिकट चेकिंग के क्षेत्र में एक ऐसा कीर्तिमान स्थापित हुआ है जिसने पूरे रेल प्रशासन को गौरवान्वित कर दिया है। इटारसी डिपो में पदस्थ उप मुख्य टिकट निरीक्षक महेश लिंगायत ने वर्ष 2025 में बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वालों से एक करोड़ रुपये से अधिक का जुर्माना वसूल कर इतिहास रच दिया है।

पमरे के पहले वन करोड़ क्लब सदस्य

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया के कुशल निर्देशन में कार्यरत श्री लिंगायत ने 1 जनवरी 2025 से 26 दिसंबर 2025 के बीच कुल 14,195 मामलों से 1,00,96,705 रुपए का राजस्व अर्जित किया। इस आंकड़े के साथ वे पश्चिम मध्य रेलवे के ऐसे पहले टिकट जांच कर्मचारी बन गए हैं जिन्होंने एक ही कैलेंडर वर्ष में एक करोड़ का आंकड़ा पार किया है।

कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी की मिसाल

वर्ष 2014 से टिकट जांच स्टाफ के रूप में सेवाएं दे रहे महेश लिंगायत अपनी अनुकरणीय कार्यशैली के लिए विभाग में पहले से ही चर्चित रहे हैं। उनकी इस असाधारण उपलब्धि पर भोपाल मंडल प्रशासन ने उन्हें हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि उनकी यह सफलता अन्य कर्मचारियों के लिए प्रेरणा का काम करेगी।

क्यों खास है यह उपलब्धि?

ऐतिहासिक राजस्व : एक ही वर्ष में 1 करोड़ से अधिक का जुर्माना जमा करना किसी एक कर्मचारी के लिए बड़ी चुनौती होती है।

अनुशासन का संदेश : यह उपलब्धि न केवल राजस्व से जुड़ी है, बल्कि रेल यात्रियों के बीच उचित टिकट लेकर यात्रा करने के प्रति जागरूकता का कड़ा संदेश भी देती है। उनकी इस गौरवशाली उपलब्धि पर इटारसी डिपो सहित पूरे भोपाल मंडल में हर्ष का माहौल है।

Next Post

व्यापमं घोटाले में आया बड़ा फैसला, 12 फर्जी परीक्षार्थियों को 5-5 साल की सजा

Sat Dec 27 , 2025
इंदौर. व्यापमं घोटाले से जुड़े एक अहम मामले में सीबीआई की विशेष अदालत ने कड़ा रुख अपनाया है. वर्ष 2011 की व्यापमं परीक्षा में फर्जी तरीके से शामिल हुए 12 आरोपियों को अदालत ने दोषी करार देते हुए प्रत्येक को पांच पांच साल के कारावास और जुर्माने की सजा सुनाई […]

You May Like