दतिया: जिले की भांडेर तहसील स्थित 33 केवी टीवी टावर सब स्टेशन पर बड़ा हादसा हो गया। लाइन सुधार कार्य के दौरान अचानक बिजली सप्लाई चालू हो जाने से एक आउटसोर्स कर्मचारी करंट की चपेट में आ गया। हादसे में कर्मचारी करीब 60 प्रतिशत तक झुलस गया। गंभीर हालत में उसे प्राथमिक उपचार के बाद झांसी रेफर किया गया है। धर्मेंद्र जाटव निवासी दबोह जिला भिंड पिछले करीब दो साल से आउटसोर्स कर्मचारी के रूप में सब स्टेशन पर कार्यरत है।
वह 33 केवी लाइन पर कार्य कर रहा था। इसी दौरान अचानक लाइन में सप्लाई शुरू हो गई और वह तेज करंट की चपेट में आ गया। करंट लगते ही सब स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने तत्काल बिजली सप्लाई बंद कर धर्मेंद्र को बाहर निकाला। घायल कर्मचारी को तत्काल भांडेर अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। धर्मेंद्र करीब 60 प्रतिशत तक झुलस गया है।
