सतना: कृषि उपज मंडी समिति नागौद ने अवैध रूप से धान का परिवहन करने के मामले में कार्रवाई करते हुए 330 क्विंटल धान पकड़ी है। 12 नवंबर को की गई इस कार्रवाई में मंडी प्रशासन ने संबंधित पक्ष से कुल 66 हजार 290 रुपए का दंडात्मक शुल्क वसूल किया।
मंडी भारसाधक अधिकारी के मार्गदर्शन और मंडी समिति के सचिव एवं उपसंचालक कृषि करुणेश तिवारी के निर्देशन में अवैध परिवहन की जांच की गई। जांच के दौरान 330 क्विंटल धान का नियमों के विपरीत परिवहन किए जाने का मामला सामने आया। इस पर मंडी प्रशासन ने मंडी अधिनियम की धारा 19(4) के तहत प्रकरण दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की।
मिली जानकारी के अनुसार, कार्रवाई के दौरान मंडी शुल्क के रूप में 54,079 रुपए, निराश्रित शुल्क के रूप में 7,211 रुपए और समझौता शुल्क के रूप में 5,000 रुपए जमा कराए गए। इस तरह कुल 66,290 रुपए मंडी खाते में जमा हुए। कार्रवाई में मंडी कर्मचारी प्रतीक सिंह और दिलीप बुनकर की प्रमुख भूमिका रही।
