
भोपाल। मध्य प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर से करवट ली है। मौसम विज्ञानियों ने अगले 24 घंटों के लिए प्रदेश के 24 जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। इनमें इंदौर, धार, झाबुआ, अलीराजपुर, बड़वानी, खरगोन, बुरहानपुर, खंडवा, भोपाल, रायसेन, राजगढ़, सीहोर, विदिशा, अशोकनगर, शिवपुरी, दतिया, गुना, ग्वालियर, हरदा, नर्मदापुरम, बैतूल, मुरैना, श्योपुर और भिंड शामिल हैं। इन जिलों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिमी मध्य प्रदेश पर हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात सक्रिय है। साथ ही मानसून द्रोणिका बीकानेर से दमोह, रायपुर और पुरी होते हुए बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। राजस्थान और पाकिस्तान क्षेत्र में भी हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात बने रहने से नमी का प्रवाह लगातार प्रदेश की ओर हो रहा है, जिससे बारिश हो रही है।
