
शाजापुर। जिले के लालघाटी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली लखुंदर नदी में मछली पकडऩे गए एक 45 वर्षीय व्यक्ति के रहस्यमय तरीके से लापता होने से इलाके में चिंता का माहौल है, लापता शख्स की पहचान भोईवाड़ा निवासी उमराव सिंह केवट के रूप में हुई है. नदी किनारे उनकी साइकिल, कपड़े और चप्पल मिलने के बाद किसी अनहोनी की आशंका से परिजनों का बुरा हाल है. घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल की संयुक्त टीम ने मोर्चा संभाल लिया है और गोताखोरों की मदद से गहरे पानी में सघन रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है.
प्राप्त जानकारी के अनुसारए उमराव सिंह केवट शुक्रवार की सुबह जादमी क्षेत्र के पास लखुंदर नदी में मछली पकडऩे के लिए घर से निकले थे. जब वे देर शाम तक वापस नहीं लौटे, तो चिंतित परिजनों ने अपने स्तर पर उनकी तलाश शुरू की. खोजबीन करते हुए जब परिजन नदी किनारे पहुंचे तो वहां उन्हें उमराव सिंह की साइकिल, उनके कपड़े और चप्पल रखे हुए मिले. स्थिति को संदिग्ध मानते हुए तुरंत लालघाटी पुलिस को सूचना दी गई. मामले की सूचना पाते ही लालघाटी पुलिस की टीम शुक्रवार रात ही मौके पर पहुंच गई थी और प्रारंभिक स्तर पर जांच शुरू की. हालांकि रात का अंधेरा रेस्क्यू ऑपरेशन में बाधा बन गया, जिसके चलते पानी में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान नहीं चलाया जा सका. शनिवार की सुबह होते ही एसडीआरएफ और लालघाटी पुलिस की संयुक्त टीम ने गोताखोरों को नदी में उतारकर एक बार फिर से सघन खोजबीन शुरू कर दी. लालघाटी थाना प्रभारी अर्जुन सिंह मुजाल्दे ने बताया कि शनिवार सुबह से ही नदी में लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है. गोताखोरों की मदद से पानी के चप्पे.चप्पे को खंगाला जा रहा है और टीम लापता शख्स को खोजने का हर संभव प्रयास कर रही है. समाचार लिखे जाने तक लापता शख्स का कुछ पता नही लग सका था.
