बेगमगंज: गर्मी के दस्तक देते ही नगर में जल संकट गहरा गया है। नगर पालिका प्रशासन द्वारा समय पर जल सप्लाई की व्यवस्थित ढंग से व्यवस्था नहीं किए जाने से अभी आधे नगर को एक दिन छोड़कर पानी दिया जा रहा है। वही वार्ड क्रमांक 17 एवं 18 में 2 दिन से पानी की सप्लाई ठप पड़ी हुई है। उधर, नगर पालिका परिषद द्वारा विगत तीन वर्षों से नगर में 8 करोड़ की लागत से सेकंड फेस की जलावर्धन योजना का कार्य कराया जा रहा है लेकिन नवीन जलावर्धन योजना का कार्य निर्माण एजेंसी द्वारा धीमी गति से किए जाने के कारण पुरानी बस्ती में पाइपलाइन डालने का कार्य पिछड़ गया है।
जगह-जगह सड़कों पर पाइपलाइन डालने के लिए गहरी-गहरी नालियां बनने से लोगों को आवागमन में भी परेशानी उठाना पड़ रही है। सड़कों को बीच से खोदकर नालियों में पाइप डालने के बाद भी मरम्मत नहीं होने से आज भी सड़के ऊबड़ खाबड़ होकर दुर्घटनाओं को आमंत्रण दे रही है। जबकि कई वार्डों में पाइपलाइन विस्तार का काम मध्यम गति से चल रहा है जिसके कारण लगता है कि इस बार फिर गर्मियों में भारी जल संकट का सामना करना पड़ेगा । काम की कछुआ चाल से कार्य अभी तक पूर्ण नहीं होने के कारण नागरिकों को पेयजल संकट से जूझना पड़ रहा है। ओर गर्मी में तो ओर ज्यादा दिक्कत होगी।
गत वर्ष पेयजल संकट गहरा जाने से नगर में एक-एक सप्ताह तक लोगों को पानी उपलब्ध नहीं होने के कारण हाहाकार मच गया था और नगर पालिका परिषद सहित कलेक्टर को लोगों को पानी उपलब्ध कराने के लिए भारी मशक्कत करना पड़ी थी। ऐसे में फिर से वही स्थिति बनने की संभावना व्यक्त की जा रही है , क्योंकि कार्य योजनाबद्ध ढंग से नहीं किए जाने से अभी से पेयजल संकट गहराने लगा है।
इस संबंध में मुख्य नगर पालिका अधिकारी राजेंद्र शर्मा का कहना है कि सब को पर्याप्त पानी सप्लाई किए जाने की व्यवस्था बराबर की जा रही है । जिन वार्डों में एक दिन छोड़कर पानी दिया जा रहा है। जो पानी की कुछ कमी होने के कारण हो रहा है लेकिन जल्दी ही व्यवस्था में सुधार हो जाएगा। इस वर्ष किसी को भी पेयजल संकट से नहीं जूझना पड़ेगा।
