लोकायुक्त की जांच में प्रधान आरक्षक की पत्नी, मां और बेटी के नाम पर खरीदे दो प्लॉट सामने आए

इंदौर. प्रधान आरक्षक चालक फिरोज खान के ठिकानों पर लोकायुक्त की सर्च के बाद अब देवास में खरीदी गई दो संपत्तियों की जानकारी सामने आई है. ये प्लॉट अगस्त 2025 में चोला मंडलम द्वारा नीलामी में रखे गए थे. जांच में सामने आया कि फिरोज खान की पत्नी, मां और बेटी ने इनके लिए ऑनलाइन बोली लगाई थी. दोनों प्लॉट 92 लाख रुपए में खरीदे गए, जबकि रजिस्ट्री सहित कुल खर्च करीब एक करोड़ रुपए होने का अनुमान है.

ज्ञात हो कि लोकायुक्त पुलिस ने 14 अक्टूबर को पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय, इंदौर में पदस्थ प्रधान आरक्षक चालक फिरोज खान के आवासों और अन्य ठिकानों पर सर्च कार्रवाई की थी. इसके बाद चल रही जांच में देवास स्थित संपत्तियों का विवरण सामने आया है. इनमें उज्जैन रोड पर 2400 वर्गफीट का प्लॉट नंबर 38 डी और कॉन्वेंट स्कूल मार्ग पर 750 वर्गफीट का प्लॉट नंबर 39 शामिल है. इनमें से एक प्लॉट पर मकान बना हुआ है. नीलामी में दोनों संपत्तियों की बोली फिरोज खान के पक्ष में 92 लाख रुपए में अंतिम हुई थी. इसके बाद यह राशि जमा कर रजिस्ट्री कराई गई. संपत्तियों के संबंध में देवास रजिस्ट्रार कार्यालय से जानकारी मांगी गई है. जांच में उज्जैन रोड की करीब 45 बीघा जमीन के सौदे में भी फिरोज खान की गवाह के रूप में भूमिका सामने आई है. यह जमीन कस्तूरीबाई और इंदौर मे रहने वाले रविकांत पंवार ने श्याम इन्फा के पार्टनर सुमित जिंदल को नौ करोड़ रुपए में बेची थी. इस जमीन के नामांतरण पर राजस्व न्यायालय ने रोक लगा रखी है. लोकायुक्त एसपी राजेश सहाय ने बताया कि इस सौदे में फिरोज खान की भूमिका की भी जांच करेगा. लोकायुक्त की जांच में संपत्तियों की खरीद और जमीन के सौदे से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जा रही है. संपत्तियों के संबंध में संबंधित विभागों से जानकारी जुटाई जा रही है.

Next Post

सरकारी जमीन पर चल रही शराब दुकान को प्रशासन ने हटाया, विधायक व ग्रामीण रहे मौजूद

Thu Oct 22 , 2026
सौसर, ग्राम बेरडी में शासकीय भूमि पर संचालित हो रही लाइसेंसी शराब दुकान को बुधवार को प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में हटा दिया गया।​ उल्लेखनीय है कि इस दुकान को हटाने के लिए लंबे समय से मांग उठ रही थी। हाल ही में सामाजिक कार्यकर्ता अंकित गुर्वे ने भी प्रशासन […]

You May Like