नर्मदा घाटों तक नहीं जा सकेंगे भारी वाहन 

जबलपुर। नर्मदा प्राकट्योत्सव पर्व के अवसर पर आज माँ नर्मदा के प्रमुख घाटों ग्वारीघाट, भेड़ाघाट एवं तिलवाराघाट में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस जबलपुर द्वारा विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक, मार्गों में डायवर्सन तथा पृथक-पृथक पार्किंग व्यवस्था की गई है। ग्वारीघाट क्षेत्र में मेट्रो बसों एवं भारी वाहनों को केवल रामपुर चौक तक ही अनुमति रहेगी, इसके आगे सभी प्रकार के बड़े और लोडिंग वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। तिलहरी मोड़ से ग्वारीघाट की ओर सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। श्रद्धालुओं के दोपहिया एवं चारपहिया वाहन बिग बाजार, सुखसागर वैली होते हुए अवधपुरी कॉलोनी से आयुर्वेदिक संस्थान स्थित दशहरा मैदान में पार्क किए जाएंगे। रामलला मंदिर से ग्वारीघाट क्षेत्र सहित आसपास की गलियों को नो-व्हीकल जोन घोषित किया गया है। वापसी मार्ग गीताधाम, भिटौली कुंड, तिलहरी होते हुए पेंटीनाका की ओर रहेगा। वृद्ध एवं दिव्यांग श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग से घाट तक निःशुल्क ई-रिक्शा सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

भेड़ाघाट चौराहे से वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित

भेड़ाघाट क्षेत्र में चौकीताल बायपास एवं भेड़ाघाट चौराहे से भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। मेट्रो बसें और सवारी ऑटो निर्धारित स्थानों तक ही संचालित होंगी। वाहनों की पार्किंग भेड़ाघाट पुलिस लाइन मैदान, जनपद पंचायत मैदान, हरे कृष्ण आश्रम के सामने तथा भड़पुरा व हेलीपैड मैदान में की जाएगी। भेड़ाघाट पुल पर किसी भी प्रकार की पार्किंग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगी।

तिलवाराघाट में सगड़ा से रूट डायवर्शन

तिलवाराघाट क्षेत्र में शहर की ओर से आने वाले भारी एवं मध्यम वाहनों को त्रिपुरी चौक से सगड़ा बायपास की ओर डायवर्ट किया जाएगा, वहीं सिवनी की ओर से आने वाले वाहनों को तिलवारा पुल से शहर में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। तिलवारा नया पुल के नीचे एवं नव-निर्मित तिलवारा थाना के सामने स्थित मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

सभी घाटों पर नौकायान रहेगा पूर्णतः प्रतिबंधित

नर्मदा जयंती पर्व के अवसर पर आज 25 एवं 26 जनवरी को श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए नर्मदा नदी के ग्वारीघाट, जिलहरीघाट, तिलवाराघाट, लम्हेटाघाट, भेड़ाघाट एवं सरस्वती घाट पर नौका संचालन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। हालांकि नर्मदा तटवर्ती गांवों के नागरिकों के नियमित परिवहन हेतु संचालित नौकाओं को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है, जबकि अन्य सभी प्रकार का नौका परिवहन इन तिथियों में बंद रहेगा।

अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारियां

प्राकट्योत्सव के अवसर पर 25 एवं 26 जनवरी को माँ नर्मदा के घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने व्यापक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंप दी हैं। नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार को मेला स्थल एवं घाटों पर साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश, पब्लिक एनाउंसमेंट, अस्थाई शौचालय, मेडिकल रूम, कंट्रोल रूम, सीसीटीवी और पार्किंग व्यवस्थाओं का प्रभारी बनाया गया है। पुलिस अधीक्षक शहर जितेन्द्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक यातायात अंजना तिवारी को यातायात और कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी दी गई है। स्वास्थ्य विभाग के डॉ. संजय मिश्रा को एम्बुलेंस और चिकित्सकों की तैनाती, लोक निर्माण विभाग के शिवेन्द्र सिंह को बैरिकेडिंग और वॉच टावर निर्माण, विद्युत वितरण कंपनी के संजय अरोरा को विद्युत आपूर्ति, होमगार्ड कमांडेंट नीरज सिंह को घाटों पर टॉर्च, रस्सी, मोटरबोट आदि की व्यवस्था और तहसीलदार भरत कुमार सोनी को कंट्रोल रूम की व्यवस्था सौंपी गई है। साथ ही, मेला स्थल के प्रमुख घाटों जैसे गौरीघाट, उमाघाट, दरोगाघाट, खारीघाट, जिलहरीघाट, सिद्धघाट, भेड़ाघाट, सरस्वतीघाट, तिलवाराघाट और लम्हेटाघाट में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। सभी कार्यपालिक मजिस्ट्रेट और नोडल अधिकारी निर्धारित समय पर अपने क्षेत्रों में रहकर सुरक्षा व्यवस्था का संचालन करेंगे। प्रत्येक क्षेत्र की संपूर्ण व्यवस्थाओं के प्रभारी एसडीएम गोरखपुर अनुराग सिंह होंगे। नर्मदा प्रतिमाओं के 27 जनवरी को होने वाले विसर्जन पर कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी एसडीएम रांझी मोनिका बाघमारे को सौंपी गई है।

Next Post

पांच और गौर बांधवगढ़ में स्थानांतरित 

Sat Jan 24 , 2026
उमरिया। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। गौर पुनर्स्थापना कार्यक्रम के तहत सतपुड़ा टाइगर रिजर्व से लाए गए पांच और गौर को सफलतापूर्वक बांधवगढ़ में स्थानांतरित कर दिया गया है। इनमें एक नर और चार मादा गौर […]

You May Like