दो बदमाशों ने दिन दहाड़े सरेराह महिला के गले से मंगलसूत्र छीना

सतना। चलती बस में महिला के पर्स से लाखों रुपए के जेवर और नकदी उड़ाने के मामले में पुलिस कर पाती कि इसी तरह की एक और घटना ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए. बस स्टैण्ड से सटे बिरला मार्ग पर दिन दहाड़े सरे राह एक महिला के गले से मंगलसूत्र छीन लिया गया. इस घटना को कहीं अधिक गंभीर इसलिए भी माना जा रहा है क्योंकि पीडि़त महिला व परिजनों के अनुसार बदमाशों ने चोरी छिपे पीछे से गर्दन में कोई इंजेक्शन लगाने के बाद घटना को अंजाम दिया.

जिले के कोटर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सोहास निवासी श्रीमती सत्यवती शर्मा पति रमाकांत उम्र 43 वर्ष गुरुवार को अपने गांव से सतना स्थित माएके जाने के लिए निकलीं. पुराने बस स्टैण्ड पर उतरने के बाद वे अपने बेटे उमाकांत का इंतजार करने लगीं. इसी दौरान दो लडक़े उनके पास पहुंचे और स्वयं का शहर में अजनबी बताते हुए वहां के बारे में पूछना शुरु कर दिया. बातों में उलझाकर एक लडक़ा सत्यवती के पीेछे की ओर गया और पलक झपकते ही गर्दन के पिछले हिस्से पर इंजेक्शन जैसा कुछ चुभो दिया. जिसका असर होते ही सत्यवती अपनी सुध बुध खो बैठीं. इसी का फायदा उठाते हुए दोनों बदमाश उन्हें पुष्पांजलि नर्सिंग होम से होते हुए बिरला रोड की ओर ले गए. जहां पर पुराने बस डिपो के बगल में स्थित ट्रांसफार्मर की ओर ले जाते हुए मौका देख उनके गले से मंगलसूत्र छीन लिया. महिला का मंगलसूत्र छीनने के बाद बदमाश आटो में सवार होकर बदखर की ओर चले गए. बदमाश इतने शातिर थे कि इंजेक्शन के असर के चलते उन्होंने महिला के हाथ से मोबाइल लेकर फौरन उसे बंद कर दिया. जबकि उस दौरान उनका बेटा उमाकांत उन्हें बस स्टैण्ड परिसर में खोजता रहा. काफी देर बाद खोजते हुए जब बेटा बिरला रोड की ओर पहुंचा तो वहां पर उपनी मां को खड़ा पाया. बेटे के अनुसार उस समय तक भी उनकी मां को इस बात का आभास नहीं था कि उनके गले का मंगलसूत्र छीन लिया गया है. जब उसका ध्यान गया तो पूछने पर मां ने पहले गले और फिर अपने झोले में मंगलसूत्र खोजने का प्रयास किया. बताया गया कि इंजेक्शन के असर के चलते बस स्टैण्ड से बार जाने और वहां पर मंगलसूत्र छीन लिए जाने जैसी घटना के बारे में मां कुछ भी नहीं बता पा रही थीं. काफी प्रयास करने के बावजूद भी जब कोई सुराग नहीं मिला तो फिर कोलगवां थाने पहुंचकर शिकायत की गई. इसके साथ ही इंजेक्शन की वजह से शरीर पर पडऩे वाले विपरीत प्रभाव की आशंका के चलते पीडि़त महिला का उपचार मेडिसिन चिकित्सक डॉ. एस पी तिवारी से कराया गया.

पुलिस का लचर रवैया

पीडि़त महिला के बेटे उमाकांत के अनुसार फिलहाल पुलिस की भूमिका केवल प्रकरण दर्ज कर फरियादी को चलता कर देने तक सीमित नजर आ रही है. पुलिस के लचर रवैऐ को देखते हुए उन्होंने स्वयं घटनास्थल के आस पास मौजूद प्रतिष्ठानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, और घटनाक्रम-संदिग्धों के वीडियो पुलिस को सौंपे. लेकिन इसके बावजूद भी पुलिस द्वारा फुटेज को देखने समझने और सक्रिय होने में कोई रुचि नहीं दिखाई गई. नकारात्मकता से भरी कार्यशैली के चलते थाने में बार बार उन्हें यही कहा जा रहा है कि आरोपी बाहरी हैं, नहीं मिलगें, यदि मिल भी गए तो सामान नहीं मिलेगा, उनकी जमानत हो जाएगी आदि-आदि.

ऐन वक्त पर बिजली गुल

बस स्टैण्ड से सटे बिरला मार्ग पर आटो में बैठने के बाद बदमाश आगे की ओर निकले. लिहाजा स्मार्ट सिटी मद के अंतर्गत लगे सीसीटीवी कैमरों का सहारा लिया गया. जिसमें उक्त आटो बढय़ा तक जाता नजर आया. लेकिन ऐन उसी वक्त पर उस क्षेत्र में 5 मिनट के लिए बिजली चली गई. लिहाजा सीसीटीवी कैमरे बंद हो जाने के कारण यह मालुम नहीं हो पा रहा है कि दोनों बदमाश बढ़इया से आगे जाने के बाद किस ओर मुड़ कर कहां निकल गए. जिसके चलते पुलिस को पल्ला झाडऩे का एक और मौका मिल गया.

Next Post

विकासखण्ड रामनगर के 3 प्रभारी प्राचार्य निलंबित

Sat Feb 7 , 2026
सतना/मैहर। मैहर जिले के रामनगर विकासखण्ड में लोक शिक्षण संचालनालय भोपाल द्वारा दिये गये आवंटन के दुरूपयोग और राशि के गबन संबंधी प्रकरण ध्यान में आने पर मैहर कलेक्टर रानी बाटड ने जांच समिति का प्रतिवेदन प्राप्त होने के पश्चात निष्कर्षो के अनुरूप सख्त कार्यवाही अमल में लाई है। जांच […]

You May Like