गुना: जिले की बमोरी थाना पुलिस ने गत शाम बड़ी कार्रवाई करते हुए खुले में ताश पत्तों से हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे 12 लोगों को मौके से पकड़ा है। पुलिस को यह सफलता लक्ष्मीबाई चौराहा बमोरी क्षेत्र में मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर मिली। मौके से 41,500 की नकद राशि और दो ताश की गड्डियां जब्त की गई हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि प्रभूलाल धाकड़ के घर के सामने नीम के पेड़ के नीचे बने चबूतरे पर कुछ लोग ताश से जुआ खेल रहे हैं।
सूचना की तस्दीक के लिए टीम मौके पर पहुंची और दीवार की आड़ में छिपकर देखा तो 12 व्यक्ति ताश के पत्तों से रुपयों की बाजी लगाकर हार-जीत का जुआ खेलते मिले। मौके से पकड़े गए आरोपियों के नाम संजीव अग्रवाल, संजू धाकड़, सुरेश धाकड़, सतीश धाकड़, रिंकू अग्रवाल, गौरव अग्रवाल, ललित सोनी, पप्पू भार्गव, दिनेश धाकड़, सुनील धाकड़, मुरारी सहरिया बताए गए हैं, जो बमोरी, विशनवाड़ा व फतेहगढ़ क्षेत्र के निवासी हैं। सभी के कब्जे और फड़ से 41,500 नकद व दो गड्डी ताश की जब्त की गई।
