राहुल गांधी ने जनकपुरी घटना को लेकर दिल्ली सरकार पर निशाना साधा

नयी दिल्ली 06 फरवरी (वार्ता) लोकसभा में विपक्ष के नेता एवं कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी के जनकपुरी में गड्डे में गिरने से हुयी एक युवक की मौत को लेकर दिल्ली सरकार पर निशाना साधा।

श्री राहुल ने आज सोशल मीडिया पर एक बयान जारी करते हुए सरकार को गड्ढों के कारण हो रहे हादसों पर घेरा, लापरवाही और जवाबदेही के अभाव को लेकर केंद्र और राज्य सरकारों पर हमला बोला है।

उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान में फैली लालच और लापरवाही की महामारी ने एक बार फिर एक युवा की जान ले ली। उन्होंने भावुक शब्दों में लिखा कि एक बेटा, एक सपना और माता-पिता की पूरी दुनिया एक झटके में उजड़ गई।

उन्होंने इस घटना को हादसा मानने से इनकार करते हुए कहा कि यह एक “हत्या” है और इसकी जिम्मेदार वह सत्ता है जो जवाबदेही से भागती है। उनके अनुसार असली कातिल सड़क या ढांचा नहीं, बल्कि गैर-जिम्मेदार शासन व्यवस्था है। उन्होंने कहा कि देश में न तो इस्तीफे होते हैं, न दोषियों को सजा मिलती है और न ही किसी की अंतरात्मा जागती है।

उन्होंने मध्यप्रदेश इंदौर के जहरीले पानी, नोएडा में युवराज की मौत, गिरते पुलों, टकराती ट्रेनों और दम घोंटते प्रदूषण का जिक्र करते हुए कहा कि ये सभी एक ही नाकाम सिस्टम के उदाहरण हैं। उन्होंने उल्लेख करते हुए कहा कि जब तक जवाबदेही तय नहीं होगी, तब तक कोई न कोई इस लालच की महामारी का शिकार बनता रहेगा।

 

 

Next Post

सिक्स लेन सड़क और फ्लाईओवर निर्माण के लिए आनंद नगर में 146 दुकानें हटाईं, कल शिफ्ट होंगे मंदिर

Fri Feb 6 , 2026
भोपाल। राजधानी में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने और आगामी इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं को गति देने के उद्देश्य से नगर निगम ने शुक्रवार को आनंद नगर तिराहे पर व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान लगभग 146 दुकानों पर बुलडोजर चलाकर उन्हें हटाया गया। कार्रवाई की जद में मंदिर, पुलिस चौकी […]

You May Like