
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बोले: देश और समाज को बांटने जातिगत जनगणना की बात है पैंतरा
जबलपुर। कांग्रेस में आज भी अंग्रेजों के जींस हैं और वह भी अंग्रेजों की ही तरह फूट डालो और राज करो की नीति पर चल रही है। कांग्रेस भी हमारे देश और समाज को बांटना चाहती है। जातिगत जनगणना की बात करना भी कांग्रेस का ऐसा ही पैंतरा है। यह बयान जबलपुर पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने राहुल गांधी द्वारा जातिगत जनगणना की बात को लेकर दिया हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी कुछ नहीं करने वाली है।
सनातन पर हमला पुरानी आदत
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने चर्चा करते हुए कहा कि महाकुंभ में हुई दुर्घटना दुखद है। सरकार ने पर्याप्त इंतजाम किए है करोड़ों लोग प्रतिदिन स्नान कर रहे है।लेकिन कांग्रेस पार्टी इस दुखद घटना पर भी राजनीति कर रही है, वह दुर्भाग्यपूर्ण है। जो लोग हताहत हुए हैं, उनके प्रति गहरी संवेदनाएं हैं। श्री शर्मा ने कहा कि कांग्रेस शुरू से सनातन पर आक्रमण करती रही है और हम सनातन को मानने वाले लोग हमेशा अपने-आपको बलिदान करते रहे हैं। कांग्रेस अध्यक्ष खडग़े और राहुल गांधी दोहरे चरित्र के लोग हैं।
निहत्थे लोगों पर चलवाई गोलियां
उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के पिता तो राम मंदिर आंदोलन के समय मख्यमंत्री थे, जिन्होंने निहत्थे लोगों पर गोलियां चलवा दी थी। जिस तरह की बातें ये सनातन के खिलाफ करते रहे हैं, किसी अन्य धर्म के बारे में करके दिखाएं। श्री शर्मा ने कहा कि देश की जनता कांग्रेस पार्टी और उसके सहयोगियों के सनातन विरोधी चेहरे को पहचानती है और वही उन्हें जवाब देगी।
शोक व्यक्त करने पहुंचे
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा एवं प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने बुधवार को जबलपुर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद महाकौशल प्रांत के नवीन भवन के लोकार्पण समारोह में शामिल हुए। तत्पश्चात पूर्व मंत्री अंचल सोनकर के बड़े भाई स्वर्गीय चंद्रिका प्रकाश सोनकर के निधन पर उनके निवास पहुंचकर शोक व्यक्त किया एवं मंडल अध्यक्ष योगेश लोखण्डे के निवास पहुंचकर उनकी माताजी से भेंटकर कुशलक्षेम जाना।
