सिक्स लेन सड़क और फ्लाईओवर निर्माण के लिए आनंद नगर में 146 दुकानें हटाईं, कल शिफ्ट होंगे मंदिर

भोपाल। राजधानी में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने और आगामी इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं को गति देने के उद्देश्य से नगर निगम ने शुक्रवार को आनंद नगर तिराहे पर व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान लगभग 146 दुकानों पर बुलडोजर चलाकर उन्हें हटाया गया। कार्रवाई की जद में मंदिर, पुलिस चौकी और सार्वजनिक शौचालय जैसी संरचनाएं भी आईं, जिन्हें स्थल से हटाया गया।

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार एनएच-146 पर आशाराम तिराहे से रत्नागिरी तिराहे तक करीब 16 किलोमीटर लंबी सिक्स लेन सड़क का निर्माण प्रस्तावित है। इसी परियोजना के तहत सड़क चौड़ीकरण और यातायात दबाव कम करने के लिए यह कार्रवाई की जा रही है। इस मार्ग पर फ्लाईओवर निर्माण की भी योजना है, जिसके चलते सड़क किनारे बनी दुकानों और अस्थायी निर्माणों को हटाया जा रहा है।

अधिकारियों ने बताया कि आनंद नगर क्षेत्र फ्लाईओवर के लिए चिन्हित मुख्य बिंदु है, इसलिए यहां बाधा बनने वाले ढांचों को प्राथमिकता से हटाया गया। अभियान के दौरान प्रशासनिक अमला और पुलिस बल मौके पर तैनात रहा। वहीं, धार्मिक स्थलों को लेकर प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शनिवार को मंदिरों की शिफ्टिंग की प्रक्रिया निर्धारित स्थान पर कराई जाएगी, ताकि निर्माण कार्य प्रभावित न हो और आस्था से जुड़े पक्षों का भी ध्यान रखा जा सके।

 

 

Next Post

औद्योगिक विकास और हरित ऊर्जा पर मंथन: CM डॉ. मोहन यादव से मिले स्विस संसद सदस्य

Fri Feb 6 , 2026
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से शुक्रवार को मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन में स्विट्जरलैंड की संसद (नेशनल काउंसिल) के सदस्य निक्लाउस सैमुअल गुगर ने सौजन्य भेंट की। गुगर ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव से औद्योगिक विकास, ऊर्जा संरक्षण सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की। इस अवसर पर अपर […]

You May Like