बैतूल। जिले के पुलिस विभाग में लापरवाही के एक गंभीर प्रकरण पर पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन ने कड़ी कार्रवाई करते हुए उप निरीक्षक पवन कुमार को निलंबित कर दिया है। आरोप है कि उनके कार्यकाल के दौरान कोतवाली थाना क्षेत्र के चार आपराधिक मामलों की केस डायरी (चालान) न्यायालय में समय पर प्रस्तुत नहीं की गईं और वे अब तक उपलब्ध नहीं हो सकीं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जिन प्रकरणों की चालान फाइलें लापता बताई जा रही हैं, उनमें जबरन वसूली, शासकीय कार्य में बाधा, मारपीट और धमकी जैसे संगीन अपराध शामिल हैं। इन मामलों में समयसीमा के भीतर दस्तावेज अदालत में पेश न होने से न्यायिक प्रक्रिया प्रभावित हुई, जिसे विभाग ने गंभीर कर्तव्यहीनता और अनुशासनहीनता माना है।
जारी आदेश के मुताबिक पवन कुमार वर्तमान में थाना गंज, बैतूल में पदस्थ थे। निलंबन के बाद उन्हें तत्काल प्रभाव से रक्षित केंद्र बैतूल से संबद्ध कर दिया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।
मामले की तह तक जाने के लिए पुलिस अधीक्षक ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनील लाटा को सात दिन के भीतर प्रारंभिक जांच पूरी कर प्रतिवेदन सौंपने के निर्देश दिए हैं। जांच में यह भी स्पष्ट किया जाएगा कि चालान किन परिस्थितियों में गायब हुए और क्या इसमें अन्य किसी अधिकारी-कर्मचारी की भूमिका रही है।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि इस तरह की चूक से न केवल न्यायिक व्यवस्था प्रभावित होती है बल्कि जनता के भरोसे पर भी असर पड़ता है। विभाग ने संकेत दिए हैं कि भविष्य में ऐसी लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में यह कार्रवाई अहम मानी जा रही है।
