शेयर बाजारों में लगातार तीसरे दिन तेजी, प्रमुख सूचकांक एक सप्ताह के उच्चतम स्तर पर

मुंबई, 18 फरवरी (वार्ता) बैंकिंग, धातु और एफएमसीजी समूहों की कंपनियों में अच्छी लिवाली से घरेलू शेयर बाजारों में बुधवार को लगातार तीसरे दिन तेजी रही और प्रमुख सूचकांक एक सप्ताह के उच्चतम स्तर पर पहुंच गये। बीएसई का संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 283.29 अंक (0.34 प्रतिशत) की तेजी के साथ 83,734.25 अंक पर और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक 93.95 अंक यानी 0.37 प्रतिशत ऊपर 25,819.35 अंक पर बंद हुआ। यह दोनों सूचकांकों का 11 फरवरी के बाद का उच्चतम स्तर है। शेयर बाजार में आरंभ में गिरावट थी, लेकिन दोपहर बाद लिवाली बढ़ने से सभी सूचकांक हरे निशान में बंद हुए। सेंसेक्स नीचे 83,164 अंक और नीचे 83,770 अंक तक गया।
मझौली और छोटी कंपनियों में निवेशकों ने ज्यादा विश्वास दिखाया। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.44 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.54 प्रतिशत की बढ़त में रहा। आईटी को छोड़कर अन्य सभी सेक्टरों में लिवाली रही। निफ्टी आईटी सूचकांक 1.23 प्रतिशत गिर गया। एफएमसीजी, धातु और सार्वजनिक बैंकों के समूहों के सूचकांक एक प्रतिशत से ज्यादा चढ़े। ऑटो, निजी बैंक, रियलटी और तेल एवं गैस समूहों में भी तेजी रही।

एनएसई में जिन 3,280 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ उनमें 1,714 के शेयर हरे निशान में और 1,457 के लाल निशान में बंद हुए। अन्य 109 कंपनियों के शेयर अंततः अपरिवर्तित रहे। सेंसेक्स की कंपनियों में क्वालिटी वॉल का शेयर सबसे अधिक 4.92 प्रतिशत चढ़ा। टाटा स्टील में 2.90 फीसदी, एक्सिस बैंक में 1.51 प्रतिशत, रिलायंस इंडस्ट्रीज में 1.30, महिंद्रा एंड महिंद्रा में 1.18 और एलएंडटी में 1.06 प्रतिशत की तेजी रही। बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व, भारतीय स्टेट बैंक, हिंदुस्तान यूनीलिवर, अल्ट्राटेक सीमेंट, ट्रेंट, सनफार्मा और कोटक महिंद्रा बैंक के शेयर भी बढ़त में रहे। इटरनल में सबसे अधिक 1.53 प्रतिशत की गिरावट रही। टेक महिंद्रा का शेयर 1.34 प्रतिशत, इंफोसिस का 1.27, एचसीएल टेक्नोलॉजीज का 1.06 और अडानी पोर्ट्स का एक प्रतिशत लुढ़क गया। अन्य आईटी कंपनियों के साथ टीसीएस में भी 0.84 प्रतिशत की गिरावट रही। वैश्विक स्तर पर एशिया में जापान का निक्केई 1.02 प्रतिशत और हांगकांग का हैंगसेंग 0.52 प्रतिशत की बढ़त में रहा। चीन का शंघाई कंपोजिट 1.26 प्रतिशत फिसल गया। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स 1.03 प्रतिशत और ब्रिटेन का एफटीएसई 1.04 प्रतिशत ऊपर था।

Next Post

मेकमाईट्रिप ने ग्राहक आधार बढ़ाने के लिए ओपनएआई के किया करार

Wed Feb 18 , 2026
नयी दिल्ली, 18 फरवरी (वार्ता) ऑनलाइन ट्रैवल कंपनी मेकमाईट्रिप ने ग्राहक आधार बढ़ाने के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) क्षेत्र की कंपनी ओपनएआई से करार किया है। मेकमाईट्रिप ने बुधवार को प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि वह एआई-आधारित ट्रैवल सर्च को और सशक्त बनाने तथा पर्यटन से संबंधित खोज को “कैप्चर […]

You May Like