
ग्वालियर। ग्वालियर व्यापार मेले के इतिहास में इस वर्ष एक नया और गौरवपूर्ण अध्याय जुड़ने जा रहा है। पहली बार भारतीय वायुसेना की 16 सदस्यीय बैंड टुकड़ी मेले में 6 व 7 फरवरी को दो दिवस तक अपनी सुमधुर और जोशीली धुनों के माध्यम से देशभक्ति की अलख जगाएगी। वायुसेना बैंड की यह प्रस्तुति राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और शौर्य से ओतप्रोत होगी, जो दर्शकों के मन में देशभक्ति की भावना को और प्रबल करेगी। इसके साथ ही मेले परिसर में भारतीय वायुसेना के कार्यों, उपलब्धियों और राष्ट्र रक्षा में योगदान पर केंद्रित एक भव्य प्रदर्शनी का भी आयोजन किया जा रहा है। प्रदर्शनी में वायुसेना की आधुनिक तकनीक, साहसिक अभियानों, आपदा राहत कार्यों तथा युवाओं के लिए उपलब्ध करियर अवसरों की जानकारी आकर्षक माध्यमों से प्रस्तुत की जाएगी। यह आयोजन युवाओं और विद्यार्थियों के लिए भारतीय वायुसेना के गौरवशाली इतिहास और दायित्वों को नजदीक से जानने का सुनहरा अवसर भी बनेगा। मेला प्रशासन ने नागरिकों से इस ऐतिहासिक आयोजन का लाभ उठाने की अपील की है।
