सीहोर। रविवार को सिद्धपुर का बस स्टैंड भक्ति, आस्था और रोमांच से सराबोर नजर आएगा. शाम 5 बजे यहां प्रादेशिक सनातनी मटकी फोड़ महोत्सव का आयोजन होगा. बस स्टैंड परिसर को ब्रज और वृंदावन की तर्ज पर सजाकर मिनी वृंदावन का स्वरूप दिया जा रहा है.
आयोजन में कथावाचक पं. प्रदीप मिश्रा की मौजूदगी श्रद्धालुओं के उत्साह को बढ़ाएगी. वहीं ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान गीत से देशभर में पहचान बनाने वाले सागर के प्रसिद्ध कलाकार सुनील लोधी विशेष आकर्षण रहेंगे. वे मटकी फोड़ प्रतियोगिता में शामिल टीमों का उत्साहवर्धन करेंगे. महोत्सव में करीब एक दर्जन टीमें हिस्सा लेंगी. भोपाल, बैरसिया, मैना, आमाझिर, रातीबड़, सीहोर सहित विभिन्न क्षेत्रों की टीमें एक लाख रुपए नकद और ट्रॉफी के लिए जोर आजमाइश करेंगी. प्रतियोगिता में पहली बार महिला टीम भी मैदान में उतरेगी, जबकि सीहोर के ग्वालटोली की टीम पहली बार बड़े मंच पर अपनी चुनौती पेश करेगी. आयोजन समिति अध्यक्ष प्रिंस राठौर और मुख्य आयोजक विवेक राठौर के नेतृत्व में तैयारियां अंतिम दौर में है.
