
भोपाल। बजरिया थाना इलाके में एक युवक के साथ आटो चालक और उसके एक साथी ने मारपीट कर छुरी से हमला कर दिया. आटो में सवार युवक और चालक के बीच किराए के लेन-देन का विवाद शुरू हुआ. इस हमले का का शिकार युवक के पैर में गंभीर चोट आई है. फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है. अज्ञात आटो चालक और उसके साथी की तलाश में पुलिस जुटी है.
जानकारी के मुताबिक फरियादी सूरज साहू उम्र 30 साल सोनागिरी में किराए के मकान में रहता है. सूरज छत्तीसगढ़ का रहने वाला है और देर रात को उसकी ट्रेन छूट जाने पर वह वापस अपने मकान पर जाने के लिए आटो में बैठ गया. इस दौरान हबीबीया स्कूल के पास आटो चालक और सूरज साहू के बीच किराए के लेन-देन को लेकर बहस होने लगी. इस बात से नाराज चालक और उसके साथी ने सूरज के साथ मारपीट करनी शुरू कर दी. सूरज का आरोप है कि आरोपियों ने अपने पास रखी छुरी से उस पर हमला कर दिया. हमले से सूरज के पैर में गंभीर चोट आई है. घायल अवस्था में सूरज ने बजरिया थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. पुलिस अज्ञात आटो चालक और उसके साथी की तलाश कर रही है.
