ताकेश्वर के जंगल में पेड़ से उल्टा लटका मिला बुजुर्ग, श्रद्धालुओं ने बचाई जान

भानपुरा/मंदसौर। भानपुरा तहसील स्थित ताकेश्वर महादेव मंदिर क्षेत्र के घने जंगल में एक 60 वर्षीय बुजुर्ग पेड़ से उल्टा लटका मिला, जिसे समय रहते श्रद्धालुओं ने बचा लिया। घटना 15 फरवरी महाशिवरात्रि की दोपहर लगभग 3 बजे की बताई जा रही है, लेकिन बचाव का वीडियो वायरल होने के बाद मामला 18 फरवरी को चर्चा में आया।

पुलिस के अनुसार पीड़ित की पहचान कन्हैयालाल लुहार निवासी ग्राम नोलई, थाना पिड़ावा, जिला झालावाड़ (राजस्थान) के रूप में हुई है। बताया गया कि वे दुधाखेड़ी माताजी के दर्शन के लिए आए थे और बाद में ताकेश्वर क्षेत्र के जंगल में पहुंच गए। गांधीसागर थाना पुलिस ने प्रारंभिक तौर पर परिजनों के हवाले से बुजुर्ग को मानसिक रूप से अस्वस्थ बताते हुए आत्महत्या के प्रयास की आशंका जताई है।

हालांकि प्रत्यक्षदर्शियों और ग्रामीणों ने पुलिस की इस आशंका पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि भारी शरीर और उम्र को देखते हुए बुजुर्ग का स्वयं पेड़ से उल्टा लटक जाना संभव नहीं लगता। वहीं कन्हैयालाल के पुत्र मुकेश लुहार ने भी पिता को मानसिक रूप से स्वस्थ बताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने बताया कि उनके पिता को दो वर्ष पहले लकवा हुआ था और वे अक्सर तीर्थ दर्शन के लिए जाते रहते थे, ऐसे में उनका दूरस्थ और खतरनाक जंगल में पहुंचना संदिग्ध प्रतीत होता है।

जानकारी के अनुसार बुजुर्ग की मदद के लिए भानपुरा के मोनू भूटानी, बालकिशन, सचिन गेहलोत सहित अन्य श्रद्धालु मौके पर पहुंचे और उन्हें पेड़ से उतारकर सुरक्षित बाहर लाए। मंदिर के पुजारी राजेश जोशी की उपस्थिति में पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद पीड़ित को गांधीसागर थाने भेजा गया।

ताकेश्वर महादेव मंदिर परिसर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर पहाड़ी ढलान पर स्थित घने जंगल में हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी प्रश्नचिन्ह लगा दिए हैं। मंदिर समिति और स्थानीय नागरिकों ने क्षेत्र में चौबीस घंटे सुरक्षा तैनाती की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है, जबकि परिजन और स्थानीय लोग घटना की सच्चाई सामने लाने की मांग कर रहे हैं।

Next Post

राजगढ़ को नया सर्वसुविधायुक्त बस स्टैंड: विधायक अमर सिंह यादव की मांग पर स्वीकृति

Fri Feb 20 , 2026
राजगढ़। जिला मुख्यालय राजगढ़ में जो वर्तमान बस स्टेण्ड है वह नाकाफी होकर वहां पर जगहाभाव के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है, ऐसी स्थिति में जिला मुख्यालय पर एक नये सर्वसुविधायुक्त बस स्टेण्ड की आवश्यकता है. इस आशय की मांग राजगढ़ विधायक अमर सिंह यादव द्वारा […]

You May Like