
सतना। शहर में सीवर लाइन बनाए जाने को लेकर एक ओर जहां कार्य करने वाली ठेका कंपनी की बेपरवाह कार्यशैली पर कोई असर होता नजर नहीं आ रहा है, वहीं दूसरी ओर इसका खामियाजा भुगतत-भुगतते आम जन त्राहि-त्राहि करने लगा है. ताजा मामला पुप्पराज कालोनी के मुख्य मार्ग का सामने आया. जहां पर सीवर लाइन डालने के बाद बिना कांपैक्शन के लीपापोती किए जाने के चलते एक मालवाहक उसमें फंस गया.
प्राप्त जानकारी के अनुसार हास्पिटल रोड से पुष्पराज कालोनी की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर सीवर लाइन बिछाने का कार्य पिछले 4 दिनों से चल रहा था. उक्त मार्ग पर मुश्किल से 300 मीटर तक पाइप लाइन बिछाने में संबंधित ठेकेदार को 4 दिन का समय लग गया. हलांकि 4 दिन तक मुसीबत झेलने के बाद बुधवार को जब काम पूरा होता दिखाई दिया तो रहवासियों ने राहत की सांस ली. लेकिन रहवासियों को मिली राहत कुछ देर तक ही रही. क्योंकि कुछ देर बाद ही वहां से गुजर रहा एक मालवाहक का अगला पहिया चेंबर के निकट फंस गया. मालवाहक के फंस जाने के कारण मार्ग बाधित होने से रहवासियों की मुसीबत दोबारा शुरु हो गई. रहवासियों ने बताया कि ठेकेदार द्वारा महज 300 मी. लाइन डालने में 4 दिन का समय लगा दिया गया. इतना ही नहीं बल्कि पाइप लाइन और चेंबर का काम पूरा करने के बाद केवल मिट्टी से ढंक कर उसके ऊपर डस्ट छिडक़ दी गई. मिट्टी डालने के बाद किसी तरह के कांफैक्शन की प्रक्रिया पूरी नहीं की गई. जिसका नतीजा यह हुआ कि जरा सा दबाव पड़ते ही मिट्टी नीचे धसकने लगी. जिसके चलते वहां से गुजर रहा एक मालवाहक फंस कर रह गया. लिहाजा व्यवस्था के इस पहलू को स्थानीय रहवासियों ने स्मार्ट सिटी के साइड इफेक्ट के तौर पर बताने में देर नहीं लगाई.
