परिषद में हंगामा, प्रवेश द्वारों को लेकर विपक्ष व सत्ता पक्ष उलझे, सभापति ने जानकारी तलब की

ग्वालियर। नगर निगम परिषद की बैठक में आज उस वक्त जबरदस्त हंगामा देखने को मिला जब शहर में कुछ स्थानों पर बनाये गए प्रवेश द्वारों को हटाने की मांग स्थगन के जरिये भाजपा पार्षदो ने की।निगमायुक्त की जानकारी के आधार पर सभापति ने तैयार कराए गए प्रवेश द्वारो की जानकारी मांगी है।

नगर निगम द्वारा संचालित लाल टिपारा गौशाला के लिए राशि की स्वीकृति सहित दो स्थगन प्रस्ताव नगर निगम परिषद की आज हुई बैठक में लाए गए थे, जिनमें मुरार की वैशाली नदी पर निगम द्वारा की गई खर्च राशि का विवरण और शहर में कुछ जगह बनाए गए प्रवेश द्वारों के जरिए ट्रैफिक बाधित होने का मुद्दा उठाया गया था। इस दौरान कांग्रेस पार्षदों ने प्रवेश द्वारों को हटाए जाने की भाजपा पार्षदों द्वारा की मांग का जमकर विरोध किया। जबरदस्त हंगामें के बीच सभापति मनोज तोमर ने निगमायुक्त से तैयार कराए गए प्रवेश द्वारों की संख्या और उसकी स्वीकृति संबंधी जानकारी तलब की है।

निगम आयुक्त संघ प्रिय ने सदन में सूचित किया कि अलग-अलग एजेंसियों के जरिए यह निर्माण कार्य कराया गया है। ऐसे में सभी जानकारी को एकजुट करने में समय लगेगा। लिहाजा सभापति ने समय देते हुए निगमायुक्त से जानकारी तलब की है।

बैठक में पार्षदों द्वारा लगाए गए स्थगन प्रस्ताव शहर में बिना पार्किंग ठेकों पर की जा रही वसूली के संबंध में चर्चा उपरांत सभापति मनोज तोमर ने निगमायुक्त को अधिकृत करते हुए कहा कि पार्किंग ठेकों की निविदा प्रक्रिया एक माह में पूर्ण करें, अगर निविदा नहीं आये तो तत्काल राशि कम करके 15 दिवस में निविदा प्रक्रिया पूर्ण करें। साथ ही सदस्यों द्वारा बताये गए स्थानों पर एवं शहर के आम रास्तों पर जिन्होंने अतिक्रमण कर रखा है उन पर कार्यवाही करके उनको हॉकर्स जोन में पहुंचाया जाए।

दूसरा स्थगन प्रस्ताव जिसमें निगम की आय में वृद्धि हेतु निगम स्वामित्व की व्यावसायिक संपत्तियों के उपयोग के संबंध में चर्चा उपरांत सभापति तोमर ने आसंदी से निर्देशित किया कि आय वृद्धि की निगमायुक्त समीक्षा करें तथा निगम को हो रही राजस्व हानि को देखते हुए आवंटन की प्रक्रिया डेढ माह में अनिवार्य रूप से पूर्ण किया जाना सुनिश्चित करें। तीसरे प्रस्ताव में स्वीकृत विभिन्न स्थानों पर महापुरुषों की लगाई जाने वाली प्रतिमाएं मौलिक निधि से लगाये जाने पर चर्चा उपरांत सभापति तोमर ने निर्देशित किया कि निगमायुक्त समीक्षा कर नियमानुसार कार्यवाही करें।

इसके साथ ही वैशली नदी मुरार के उन्नयन को लेकर लगाये गए स्थगन प्रस्ताव पर चर्चा के बाद सभापति तोमर ने निर्देशित किया कि पूर्व ठहराव का अक्षरशः पालन किया जाए और उसकी जानकारी सदन को भिजवाई जाए।

गौशाला के चारे की टेंडर प्रक्रिया की होगी जांच

बैठक में गौशाला के गौवंशों के खाद्य पदार्थ क्रय हेतु समय वृद्धि एवं वित्तीय स्वीकृति के संबंध में चर्चा उपरांत सभापति मनोज तोमर ने उक्त बिंदु को सर्व सम्मत्ति से स्वीकृत किया तथा निगमायुक्त को निर्देशित किया कि नेता प्रतिपक्ष हरिपाल एवं पार्षद देवेन्द्र राठौर ने जो शंका जाहिर की है उसको संज्ञान में लेकर निविदा प्रक्रिया की जांच करें।

दिवंगतों को किया नमन

बैठक में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार, पत्रकार राकेश झा एवं सेना के जवान शैलेन्द्र भदौरिया के आकस्मिक निधन पर शोक प्रस्ताव रखा गया तथा दिवंगत आत्माओं की शांति हेतु 2 मिनट का मौन रखकर शोक व्यक्त कर, एजेंडे समाप्ति की घोषणा की गई।

Next Post

वेतन समकक्षता की मांग को लेकर कृषि मंत्री के बंगले पर संविदा कर्मचारियों का हल्लाबोल

Wed Feb 4 , 2026
भोपाल। राजधानी में बुधवार को कृषि मंत्री के बंगले पर संविदा कर्मचारियों ने वेतन समकक्षता की मांग को लेकर प्रदर्शन किया. यह प्रदर्शन मप्र संविदा कर्मचारी अधिकारी महासंघ के बैनर तले आत्मा परियोजना में कार्यरत संविदा कर्मचारियों द्वारा आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कर्मचारी शामिल हुए. कर्मचारियों का […]

You May Like