
पुलिस ने विधानसभा की ओर बढ़ने पर चला वाटर कैनन
भोपाल,
कांग्रेस के मप्र प्रभारी हरीश चौधरी ने आज किसान कांग्रेस के विधानसभा घेराव के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि किसानों की स्थिति बेहद दयनीय है। किसान अपनी जायज मांगों को लेकर आंदोलन कर रहा है। लेकिन उनके रास्तों पर कीले बिछायी जा रही है। कांग्रेस पार्टी किसानों के लिए न्याय दिलाने के लिए अपनी लड़ाई निरंतर जारी रखेगी।
उधर,प्रदेशाध्यक्ष पटवारी ने कहा कि किसानों को गेहूं के दाम 2700 रू., धान के दाम 3100 रू. और सोयाबीन के 6000 रू. देने का सरकार ने वादा किया था, किसानों से भाजपा सरकार ने जो वादे किये थे उन वादों से वह पूरी तरह मुकर गई है। किसान आज फसल के लिए मंडियों में चक्कर काट रहा है और उसकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। पटवारी ने कहा कि यह लड़ाई किसानों के हक की है, जिसे हम पीछे हटकर खत्म नहीं करेंगे। जब तक किसानों को उनका हक नहीं मिलेगा, कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा।उन्होंने कहा यह आंदोलन और तेज होगा।
इधर,नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने अपने संबोधन में कहा कि किसानों को उचित समर्थन मूल्य नहीं दिया जा रहा और जब तक किसानों को न्याय नहीं मिलता, तब तक कांग्रेस सड़कों से लेकर सदन तक लड़ाई लड़ेगी।
किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह चौहान ने कहा कि किसानों के हक और अधिकार की लड़ाई उनको न्याय दिलाने के लिए सतत जारी रहेगी। पूरे प्रदेश में किसान न्याय यात्राएं निकाली जायेंगी। इसके बाद जैसे नेताओं ने विधानसभा की ओर बढ़ने का प्रयास किया तो उन्हें
न्यू मार्केट चौराहे पर रोकने की कोशिश की गई, जिस पर पुलिस ने वाटर कैनन और आंसू गैस के गोले छोड़े, लाठी चार्ज किया गया, जिससे कई कार्यकर्ताओं को चोटें आईं।
इस बीच कांग्रेस पार्टी ने विधानसभा घेराव कर सरकार से किसानों के लिए न्याय की गुहार लगाते हुये मांग की है कि किसानों को समय पर बिजली, पानी, खाद और बीज उपलब्ध कराई जाए। फसलों का उचित मूल्य दिया जाए और किसानों को उनकी उपज का सही दाम मिले। महंगाई पर रोक लगाई जाए ताकि किसानों और आम जनता को राहत मिल सके और प्रदर्शनकारियों पर की गई पुलिसियाई कार्रवाई की उच्चस्तरीय जांच हो।
