
सिंगरौली। नवानगर थाना में एक कबाड़ी आरोपी की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। हालांकि पुलिस प्रथम दृष्टया में हार्ट अटैक वजह बता रही है। मृतक छग. प्रांत का है।
दरअसल 18 जनवरी को रात्रि में ड्यूटी कर रहे सीआईएसएफ जवान सतेन्द्र भारती को एनसीएल परियोजना अमलोरी के खदान में अज्ञात कबाड़ियों ने पीट-पीट कर अधमरा कर दिया था। जहां उपचार के दौरान सीआईएसएफ जवान की गत दिवस मौत हो गई। वहीं पुलिस ने पूर्व में ही दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। तीसरा आरोपी रामऔतार सिंह गोड़ छग. प्रांत का था। उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करते हुये तीन दिन के लिए रिमाण्ड पर लिया गया था। आज दिन मंगलवार की सुबह आरोपी उम्र 40 वर्ष के सीने में अचानक दर्द हुई और उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, लेकिन उसकी मौत हो गई। आरोपी की संदिग्ध मौत पर तरह-तरह की चर्चाएं की जा रही हैं। हालांकि उक्त घटनाक्रम के जांच के लिए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश कर दिये गये हैं। तहसीलदार अस्पताल पहुंच जानकारी ली गई।
उपचार के दौरान हुई मौत: सैयाम
इधर एसडीओपी राहुल सैयाम ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार करते हुए 3 दिन के पुलिस रिमांड में लिया गया था, जहां आज सुबह करीब 8 बजे उसके सीने में तेज दर्द हुआ, जिसके बाद तत्काल ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि मौत की सूचना के बाद नियमानुसार मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दे दिए गए हैं। पूरे मामले की जांच पारदर्शिता के साथ की जा रही है। उन्होंने बताया कि इस जांच के लिए मजिस्ट्रियल जांच को सौप दी गई है।
